शहर

भीड़ ने बच्चा चोर समझ कर दो NGO कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा, पुलिस को करना पड़ा बीच-बचाव; 21 गिरफ्तार

Odisha News: ओडिशा के रायगड़ा जिले में एक भीड़ ने एक महिला समेत दो एनजीओ कर्मचारियों पर हमला किया। भीड़ को शक था कि वे बच्चों को अगवा करने वाले गिरोह के सदस्य हैं।

Image

ओडिशा में एनजीओ कर्मचारियों पर हमला करने वाले 21 गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Odisha News: ओडिशा के रायगड़ा जिले में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते भीड़ द्वारा दो एनजीओ कर्मचारियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, दोनों पीड़ित ओडिशा के बाहर के निवासी हैं और किसी कार्य से कालाहांडी जिले के थुआमूल रामपुर ब्लॉक जा रहे थे। रास्ते में 16 जून की रात वे रायगड़ा जिले के कल्याणसिंहपुर थाना क्षेत्र स्थित धामुनिपांगा पंचायत के कंडुलगुडा गांव पहुंचे। बताया गया कि वे रास्ता पूछने के लिए वहां रुके थे।

बच्चों को बिस्कुट खिलाना पड़ा भारी

इसी दौरान दोनों ने गांव के कुछ बच्चों से बातचीत की और उन्हें बिस्कुट दिए। उनकी इस गतिविधि को देखकर कुछ ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने बच्चा चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े होने की अफवाह फैला दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और दोनों एनजीओ कर्मचारियों पर हमला कर दिया।

रायगड़ा के पुलिस अधीक्षक राज प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को भीड़ से बचाया। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर उपचार के लिए रायगड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और हमले में शामिल 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच जारी है और हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article