Odisha Murder News: अंधविश्वास जब दिमाग पर हावी हो, तो इंसान भी इंसान नहीं रह जाता। कुछ ऐसा ही मामला ओडिशा के मयूरभंज जिले से सामने आया है। जहां एक बेटे ने जादू-टोने के शक में कथित तौर पर अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने इंसानियत और रिश्तों दोनों को लहूलुहान कर दिया। आरोपी बेटे की पहचान 35 वर्षीय तपन बारिक के तौर पर हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पत्नी दो महीने पहले गई मायके
यह घटना मयूरभंज जिले के बेतनोटी थाना क्षेत्र के कलराफुलिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, तपन को पक्का यकीन था कि उसकी मां रायमनी सिंह (48) जादू-टोना करती है। आरोपी को शक था कि इसी कारण उसकी पत्नी का बार-बार गर्भपात हो रहा है। इसी शक और पारिवारिक तनाव के चलते घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे। बताया गया है कि कथित मानसिक उत्पीड़न और घरेलू कलह के कारण आरोपी की पत्नी करीब दो महीने पहले ससुराल छोड़कर मायके चली गई थी और तब से वह अलग रह रही है।
गांव वालों के अनुसार तपन पिछले कुछ महीनों से अजीब व्यवहार कर रहा था। वह अक्सर अपनी निजी परेशानियों के लिए अपनी मां को दोषी ठहराता था। घटना वाले दिन भी मां-बेटे के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसी दौरान तपन अपना आपा खो बैठा और उसने गुस्से में आकर एक धारदार हथियार से अपनी मां पर हमला कर दिया। जिससे रायमनी की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने कुबूल किया जुर्म
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुआ हथियार भी जब्त कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कुबूल करते हुए कहा कि उसने अपनी मां की हत्या की है। आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी मां जादू-टोना करती थी। वह अपनी पत्नी के गर्भपात के लिए भी अपनी मां को ही जिम्मेदार मानता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल में भेज दिया है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
