शहर

ओडिशा में खराब मौसम का कहर; तूफान और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, जानें IMD का पूर्वानुमान

ओडिशा के कई हिस्सों में सोमवार को कालबैसाखी और ओलावृष्टि के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश और तूफानी हवाओं का दौर 10 अप्रैल तक जारी रह सकता है।

Image

ओडिशा का मौसम

Odisha Weather: ओडिशा के कई हिस्सों में सोमवार को कालबैसाखी और ओलावृष्टि के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि कटक जिले के अथगढ़ और नयागढ़ जिले के दासपल्ला क्षेत्र में गरज के साथ तेज हवाएं चलीं। अथगढ़ में एक ढांचा ढहने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। नयागढ़ जिले के दासपल्ला ब्लॉक में कई पेड़ों के उखड़ कर सड़कों पर गिरने से यातायात बाधित हो गया, जिसे बाद में अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर साफ किया।

ओलावृष्टि और भारी बारिश से कच्चे घर और फसलों को नुकसान

दासपल्ला कस्बे में ’लंका पोड़ी’ उत्सव के लिए लगाया गया पंडाल भी तेज हवाओं में क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ’रावण’ के पुतले का सिर उड़ गया। अधिकारियों ने बताया कि कालाहांडी जिले के धरमगढ़ ब्लॉक तथा बोलांगीर जिले के पट्नागढ़ और खापरखोल ब्लॉक में ओलावृष्टि और भारी बारिश से कई कच्चे घर और फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं।

7 से 8 अप्रैल तक बारिश का असर

मौसम विभाग का कहना है कि, ओडिशा में आगामी दिनों में मौसम गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का रहेगा। 6 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी संभावना है। इसके अलावा 7 से 8 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का असर देखा जा सकता है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना है। कुल मिलाकर, ओडिशा में मौसम 8 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा।

10 अप्रैल तक जारी रह सकता मौसम का ऐसा मिजाज

हालांकि, बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और किसी भी स्थान पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बौध राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने मंगलवार को केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर और कटक जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कालबैसाखी और बारिश का दौर 10 अप्रैल तक जारी रह सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article