शहर

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 20 मामलों दो साल से फरार गैंगस्टर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित और कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दिल्ली और हरियाणा में करीब 20 संगीन अपराधों में शामिल होने का आरोप है और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। यह गिरफ्तारी फरार गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

Image

दो साल बाद दिल्ली पुलिस की पकड़ में आया फरार गैंगस्टर (सांकेतिक फोटो)

Delhi News: दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक पुलिस ने 35 वर्षीय एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली और हरियाणा में दर्ज करीब 20 आपराधिक मामलों में शामिल बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी रविंद्र देसवाल उर्फ छोटा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह पिछले दो वर्षों से कानून की पकड़ से बाहर था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग जगहों पर ठिकाने बदलता रहता था और टोल प्लाजा पर काम करते हुए पहचान छिपाने के लिए अपने परिचितों के नाम से मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था।

ऑपरेशन कवच 12.0 के तहत हुई कार्रवाई

अधिकारियों ने बताया कि 24 जनवरी को द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित टोल प्लाजा के पास कुछ देर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। यह कार्रवाई फरार गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कवच 12.0’ के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, रविंद्र करीब दो साल पहले जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गया था और कम से कम तीन मामलों में उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

इसके अलावा कई अन्य मामलों में आरोपी खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी थे और कानूनी प्रक्रिया जारी थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने लगभग चार सप्ताह तक गुरुग्राम, सोनीपत और रोहतक में करीब 25 स्थानों पर उसकी गतिविधियों की पुष्टि कर गुप्त निगरानी रखी, जिसके बाद 24 जनवरी को उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2018 में हरियाणा पुलिस ने उसे अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ 32 लाख रुपये की डकैती के मामले में भी गिरफ्तार किया था।

आरोपी ने क्या बताया?

पुलिस दस्तावेजों से यह भी सामने आया है कि सोनीपत, पानीपत, रोहतक और कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के साथ-साथ दिल्ली में भी हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में उसकी कथित भूमिका रही है। पूछताछ के दौरान देसवाल ने बताया कि उसने दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और एक स्थानीय अपराधी के संपर्क में आने के बाद वह अपराध की राह पर चला गया। बाद में वह कृष्ण गहता गिरोह से जुड़ गया।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article