शहर

नोएडा की सोसाइटी में बड़ा हादसा, बेसमेंट पार्किंग में तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी को रौंदा

नोएडा के सेक्टर-79 स्थित एक सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में तेज रफ्तार कार ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी 5 वर्षीय बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों कार के नीचे फंस गईं। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

Image

Noida Accident

Photo : Times Now Digital

Noida News: नोएडा के सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराबेल सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में एक बड़ा हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी पांच साल की बेटी को टक्कर मार दी। आरोपी कार चालक ने टक्कर के बावजूद काफी देर तक कार रोकी नहीं। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना बेसमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बेसमेंट में कार से सामान उतार रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक, महिला अपने परिवार के साथ बेसमेंट में मौजूद थी। वह अपनी कार से सामान उतारकर फ्लैट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेसमेंट पार्किंग में तेज रफ्तार से एक कार आई और मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों लोग कार के नीचे फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

महिला की कई पसलियां टूटी

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने करीब चार मिनट की मशक्कत के बाद मां-बेटी को कार के नीचे से बाहर निकाला। इस घटना में मां-बेटी दोनों घायल हो गए। बताया जा रहा है कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी कई पसलियां टूट गई हैं और पेट व कंधे में भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पांच वर्षीय बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज दे दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार वाहन चलाने की बात सामने आई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!