शहर

नोएडा एलिवेटेड रोड पर बड़ा हादसा, जैगुआर-ट्रक की भीषण टक्कर में युवती की मौत

नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार जैगुआर कार और कैंटर ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में 19 साल की एक लड़की की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Image

हादसे में क्षतिग्रस्त जैगुआर कार

Photo : Times Now Digital

Noida Sec 49 Accident: उत्तर प्रदेश में नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में ट्रक और जैगुआर में टक्कर हो गई, इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात हुआ, जब जैगुआर कार सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में तेजी से एक कैंटर (ट्रक) को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जैगुआर कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

19 वर्षीय युवती की मौत

इस भीषण दुर्घटना में 19 वर्षीय फलक अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने फलक एहमद को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी युवक नोएडा के ही रहने वाले हैं और हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी अधिक थी।

ट्रक ड्राइवर फरार

पुलिस के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस कैंटर की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

CCTV फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज

इस हादसे के बाद मृतक फलक अहमद के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आस-पास के लोगों ने बताया कि जैगुआर कार काफी तेज रफ्तार से आ रही थी और ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा हो गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article