Noida News: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में थूक मिलाकर जूस बेचने का मामला सामने आया है जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि नोएडा में दो लोगों को थूक मिलाकर जूस बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना शनिवार शाम सेक्टर 121 में गढ़ी चौखंडी गांव के पास स्थित जूस की एक दुकान पर हुई, जब स्थानीय निवासी सतीश भाटिया वहां जूस पीने गए थे।
जमशेद और आलम गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रविवार सुबह स्थानीय फेज 3 पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और बाद में दोनों आरोपियों-जमशेद (30) और सोनू उर्फ साहबे आलम को पुलिस हिरासत में ले लिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153ए(1)(बी) (सार्वजनिक शांति भंग करना), 270 (जीवन के लिए खतरनाक बीमारी का संक्रमण फैलाने का घातक कृत्य) और 34 (समान मंशा से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ उपयुक्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नोएडा सेक्टर 121 का मामला
नोएडा के सेक्टर 121 में स्थित क्लियो काउंटी सोसाइटी के पास जूस दुकानदार एक दंपती को थूक मिलाकर गन्ने का जूस दिया। दंपती के विरोध करने पर दोनों दुकानदार आरोपियों से अभद्रता पर उतर आए। इसके बाद आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए और हंगामा बढ़ गया। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचती तो कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने दोनों आरोपियों गोंडा निवासी साहेब आलम और बहराइच निवासी जमशेद खान को गिरफ्तार कर लिया।
जूस के गिलास में थूका
सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसाइटी निवासी भाटिया शनिवार शाम को पत्नी के साथ सोसाइटी के बाहर गन्ने का जूस पीने गए थे। उन्होंने दो गिलास गन्ने के जूस का ऑर्डर दिया। आरोप है कि जूस बेचने वाले ने गिलास में तीन-चार बार थूक दिया। भाटिया दंपती ने दुकानदार की इस हरकत का विरोध किया तो दोनों अभद्रता पर उतर आए। लोगों की भीड़ जुटी तो दोनों आरोपी स्टॉल छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
