नोएडा

Noida STF के हत्थे चढ़े 2 हाई-टेक ठग, चीनी गैंग है हैंडलर; डिजिटल अरेस्ट कर ऐसे लगाते थे चूना

नोएडा एसटीएफ ने डिजिटल अरेस्ट से ठगी करने वाले चीनी गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टेलीग्राम चैनल के जरिए चीनी हैंडलर्स से जुड़े थे और भारतीय नागरिकों के म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहे थे।

Image

साइबर अपराधी गिरफ्तार

नोएडा: एसटीएफ ने डिजिटल अरेस्ट, गेमिंग और ट्रेडिंग एप्स के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय चीनी गिरोह के दो प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी टेलीग्राम चैनल के जरिए चीनी हैंडलर्स से जुड़े थे और भारतीय नागरिकों के म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हर्ष वर्धन और रोहन अग्रवाल के रूप में हुई है। हर्ष कलिंगा यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी कर रहा है, जबकि रोहन इंटरमीडिएट पास है। एसटीएफ गौतमबुद्ध नगर के अनुसार, रोहन की मुलाकात कानपुर में सट्टा खेलने के दौरान आमिर नामक व्यक्ति से हुई थी, जो कमीशन के आधार पर चीनी नागरिकों को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराता था। इसके बाद रोहन टेलीग्राम पर चीनी साइबर अपराधियों के संपर्क में आ गया और उनके लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करने लगा।

बेहद हाई-टेक था चोरी का तरीका

गिरोह का तरीका बेहद हाई-टेक था। आरोपी भारतीय नागरिकों के बैंक खातों को एपीआई टूल से जोड़कर विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को एक्सेस उपलब्ध कराते थे। बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से Chinese Dragon Message App इंस्टॉल कर लिया जाता था, जिससे ओटीपी सीधे चीनी अपराधियों तक पहुंच जाता था। इसके जरिए वे खातों से धन ट्रांसफर कर लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि गिरोह के सदस्य ठगी से प्राप्त धन को क्रिप्टोकरेंसी (USDT) में बदलते थे और फिर हवाला के जरिए इसे भारत में नकद में बदलकर अपने साथियों में बांट देते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि नवंबर 2024 से अब तक रोहन अग्रवाल के USDT वॉलेट में करीब 3.49 करोड़ रुपये (388000 USDT) ट्रांसफर किए गए हैं।

इन राज्यों में हैं खाते

पूछताछ में आरोपियों से 150 से अधिक म्यूल अकाउंट्स की जानकारी मिली है, जिनका उपयोग साइबर ठगी के लिए किया गया था। ये खाते उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और ओडिशा सहित देशभर में फैले हुए थे। इन खातों से जुड़े 471 से अधिक साइबर फ्रॉड मामलों की शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज हैं। एसटीएफ नोएडा की टीम इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इससे पहले भी 12 फरवरी 2025 को इसी गिरोह के तीन अन्य सदस्य मोहन सिंह उर्फ रोकी, संयम जैन और अरमान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इन आरोपियों के खिलाफ सूरजपुर थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article