नोएडा

सुपरटेक चेयरमैन RK Arora और IRP हितेश गोयल की गाड़ियों को वेंडरों ने अपने ही दफ्तर में जाने से रोका, पुलिस ने किया बीच बचाव

नोएडा के सेक्टर-96 में सुपरटेक कार्यालय के बाहर वेंडर एसोसिएशन ने भुगतान की मांग को लेकर चेयरमैन आर.के. अरोड़ा और IRP हितेश गोयल की गाड़ियों को रोक दिया। पुलिस ने बीच बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

Image

सुपरटेक के चेयरपर्सन आरके अरोड़ा

नोएडा के सेक्टर 96 में मशहूर बिल्डर सुपरटेक का दफ्तर है। इसी दफ्तर के बाहर वेंडर एसोसिएशन के सदस्यों ने कंपनी के चेयरमैन आर.के अरोड़ा और IRP हितेश गोयल की गाड़ियों को रोक दिया और जमकर हंगामा किया। वेंडरों का आरोप है कि सुपरटेक ने मार्च 2022 में दिवालिया घोषित होने से पहले उनसे काम करवाया था, लेकिन उनका भुगतान अब तक नहीं किया गया है।

वेंडर 3 फरवरी 2025 से ही सुपरटेक और IRP के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वीडियो सोमवार 14 जुलाई का बताया जा रहा है, जब दोनों अधिकारी दफ्तर पहुंचे तो वेंडरों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और आखिरकार पुलिस की मध्यस्थता के बाद हालात पर काबू पाए गए और दोनों को दफ्तर के अंदर एंट्री मिली।

श्री श्याम वेंडर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अनुभव के अनुसार IRP हितेश गोयल ने पहले तो उनका बकाया दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में वह मुकर गए। दोनों अधिकारियों को गेट पर ही रोकने का लगभग 1 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस होती भी दिखाई दे रही है।

ज्ञात हो कि सुपरटेक ग्रुप पहले से ही वित्तीय संकट में है और वेंडर भुगतान विवाद ने कंपनी की साख को और भी ज्यादा नुकसान पहुंचाया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article