Noida News: नोएडा से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की सीईओ और IAS अधिकारी रितु माहेश्वरी (Ritu Maheshwari) की गिरफ्तारी के आदेश जारी हो गए है। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर (Police Commissioner) को सीईओ की गिरफ्तार के लिए वारंट जारी किया गया है। रितु माहेश्वरी को 1 महीने के लिए जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं। एक भूखंड आवंटी और विकास प्राधिकरण के बीच करीब 18 साल से चल रहे मुकदमे में जिला उपभोक्ता फोरम ने शनिवार को ये आदेश जारी किया है।
लगा जुर्माना भी
खबर के मुताबिक, जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष अनिल कुमार पुंडीर और सदस्य दयाशंकर पांडे ने पूरे मामले की सुनवाई करते हुए शनिवार को नया आदेश पारित किया है। जिला उपभोक्ता फोरम ने शनिवार को पारित आदेश में कहा है कि पिछले 9 वर्षों से ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण जिला फोरम और राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग के आदेशों को लटका रहा है। रितु माहेश्वरी पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी फटकार
आपको बता दें कि पिछले साल सुप्रीम कोर्ट ने नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। उनके खिलाफ अवमानना मामले में तब इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। कोर्ट ने माना था कि जमीन लेने के बाद मुआवजा लेने के आदेश का पालन नहीं हुआ। तब सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के चीफ जस्टिस एनवी रमना ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि अगर आप अदालत की अवमानना करेंगी तो आपको इसका नतीजा भुगतना पड़ेगा।
