Durga Puja Pandal in NCR: नवरात्रि 2025 की शुरुआत के साथ ही दुर्गा पूजा के पंडाल भी सज गए हैं। पंडालों की खूबसूरती और माता के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ पहुंच रही है। भक्तों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। यहां थीम के आधार पर पंडालों का सजाया गया है। हर साल एक नई थीम के साथ दुर्गा पूजा के पंडाल सजाए जाते हैं। कहीं कोलकाता स्टाइल पंडाल सजाए गए हैं, तो वहीं एक पंडाल राम मंदिर की थीम पर तैयार किया गया है। इन पंडालों को आधुनिकता के साथ पारंपरिक तरीके से सजाया जाता है। मां दुर्गा के भव्य दर्शन और यहां होने वाले अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। अगर आप भी एनसीआर में रहते हैं और दुर्गा पूजा (Durga Puja 2025) देखने का प्लान बना रहे हैं तो आज इस आर्टिकल में आपको एनसीआर के टॉप 5 दुर्गा पूजा पंडाल के बारे में बताएंगे।
शिप्रा सनसिटी सर्बजनिन दुर्गा पूजा पंडाल
अगर आप गाजियाबाद या नोएडा में रहते हैं तो शिप्रा सनसिटी सर्बजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन के लिए जा सकते हैं। यहां पारंपरिक तौर पर माता की पूजा की जाती है। माता के दर्शन के साथ आप स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद ले सकते हैं। यहां पहुंचने के लिए सबसे करीबी मेट्रो स्टेशन कौशांबी मेट्रो स्टेशन है, जो ब्लू लाइन पर पड़ता है।

एनसीआर में दूर्गा पूजा पंडाल (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
नोएडा सेक्टर 62 दुर्गा पूजा
नोएडा सेक्टर 62 में भी दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जाता है। यहां हर साल एक नई थीम के साथ साज-सजावट की जाती है और भव्य मूर्तियां बनाई जाती है। नोएडा में रहने वाले लोगों में भी सेक्टर 62 की दुर्गा पूजा बहुत मशहूर है। यहां सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। यहां पहुंचने के लिए करीबी मेट्रो स्टेशन सेक्टर 62 मेट्रो स्टेशन है।
गुरुग्राम दुर्गा पूजा समिति
गुरुग्राम सेक्टर 47 और 56 में हर साल दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जाता है। यहां भारी संख्या में माता के दर्शन करने के लिए भक्त पहुंचते हैं। आईटी और कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों की भारी भीड़ लगी रहती है। यहां आप बंगाल स्टाइल दुर्गा पूजा और बंगाली भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं।

एनसीआर में दुर्गा पूजा पंडाल (फोटो - iStock)
सुशांत लोक पंडाल गुरुग्राम
सुशांत लोक, गुरुग्राम में स्थित सुशांत लोक पंडाल समिति द्वारा दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। यह गुरुग्राम के प्रसिद्ध पंडालों में से एक है। यहां कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिसे देखने को लोग पहुंचतें है। माता के दर्शन के साथ आप यहां स्वादिष्ट खाने का आनंद ले सकते हैं।
कम्यूनिटी सेंटर दुर्गा पूजा पंडाल, फरीदाबाद
फरीदाबाद के सेक्टर 3 में स्थित कम्युनिटी सेंटर में बीते कुछ सालों से दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कुछ ही सालों में यह फरीदाबाद समेत एनसीआर के अन्य इलाकों में भी प्रसिद्ध हो गया है। पिछले साल यहां काशी विश्वनाथ मंदिर की थीम पर पंडाल सजाया गया था और इस साल यानी 2025 में राम मंदिर थीम पर पंडाल बनाया गया है। इसके अलावा सेक्टर 16 के कालीबाड़ी मंदिर में भी दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जाता है।
