नोएडा

दिल्ली के बाद नोएडा के इन कोचिंग सेंटर्स पर गिरी गाज, गड़बड़ी मिलने पर किए गए सील

नोएडा में कोचिंग सेंटर्स के निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग सेंटर्स में गड़बड़ी पाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों में कई नामी कोचिंग सेंटर्स भी शामिल पाए गए। जिनके बेसमेंट को सील किया गया है। इसके अलावा कैरियर लॉन्चर को भी सील किया जा रहा है।

Image

नोएडा

Noida News: दिल्ली में कोचिंग सेंटर में हुए हादसे के बाद अब नोएडा में भी जिला प्रशासन ने एक कमेटी का गठन कर कोचिंग सेंटर्स का निरीक्षण शुरू कर दिया है। इस दौरान कई कोचिंग सेंटर्स में खामियां पाई गई हैं। जिनके अंदर मौजूद उन कमरों को बंद कर दिया गया है, जिनका जबरन पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

बिना रजिस्ट्रेशन के चल रही सैंकड़ों कोचिंग

कमेटी में शामिल चीफ फायर ऑफिसर, डीआईओएस, सिटी मजिस्ट्रेट, नोएडा अथॉरिटी के जेई और अधिकारी साथ मिलकर कोचिंग इंस्टीट्यूट की जांच कर रहे हैं। नोएडा में 51 कोचिंग सेंटर्स डीआईओएस ऑफिस में रजिस्टर्ड हैं। इसके अलावा सैकड़ों ऐसे कोचिंग सेंटर्स हैं, जो बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हैं और इन्होंने बेसमेंट में क्लासरूम बना रखा है। कुछ कोचिंग सेंटर्स ने पार्किंग की जगह पर ही क्लासरूम बना रखे हैं। ऐसे कोचिंग सेंटर्स की लगातार चेकिंग की जा रही है।

कई नामी कोचिंग सेंटर्स का बेसमेंट को सील

जानकारी के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर में गठित कमेटी ने अभी तक कई नामी कोचिंग सेंटर्स को नियमों का उल्लंघन करते पाया है। इनमें सेक्टर-62 में फिटजी, आकाश इंस्टीट्यूट नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखाई दिए हैं। इनके बेसमेंट को सील किया गया है। साथ ही अनएकेडमी को कमेटी ने शाम तक का वक्त दिया है। इनके पेपर पूरे नहीं थे। साथ ही कैरियर लॉन्चर को भी सील किया जा रहा है। इन पर आरोप है कि कांफ्रेंस सेंटर और सिटिंग एरिया पार्किंग की जगह लेकर बनाए गए थे। इस कमेटी में शामिल सीएफओ प्रदीप चौबे के मुताबिक दिल्ली में हुई दुखद घटना की पुनरावृत्ति हमारे जिले में नहीं हो, इसके लिए कमेटी का गठन किया गया है और हम सभी कोचिंग सेंटर्स का निरीक्षण कर रहे हैं।

प्रदीप चौबे के मुताबिक शासन से जारी किए गए पत्र के बाद हम सभी अब लगातार ऐसे कोचिंग सेंटर्स की चेकिंग कर रहे हैं, जिनमें अनियमिताएं बरती गई हैं। इस चेकिंग के दौरान, जिनमें कुछ कमियां पाई जाएंगी, उन्हें ठीक करने के लिए नोटिस दिया जाएगा और जिनमें ज्यादा गड़बड़ी पाई जाएगी, उस कोचिंग सेंटर्स को पूरी तरीके से सील कर दिया जाएगा।

इनपुट-IANS

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article