नोएडा

'कॉमन एरिया में लुंगी में योग करते हैं लोग', महिलाओं की शिकायत पर ग्रेनो की सोसायटी ने की खास अपील

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 14, 2023, 03:22 PM IST

Greater Noida : लुंगी उत्तर भारत और दक्षिण भारत दोनों जगहों में पहनी जाती है। तमिलनाडु में लुंगी का प्रचलन बहुत ज्यादा है। उत्तर भारत के बिहार और उत्तर प्रदेश में भी लोग लुंगी पहनना पसंद करते हैं। गर्मी के मौसम में तापमान एवं आद्रता बढ़ने पर लोग ढीले-ढाले कपड़े पहनते हैं।

Image

ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी का मामला।

Photo : BCCL

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी ने अपार्टमेंट के निवासियों से कॉमन एरिया और पार्क में अपने पहनावे पर विशेष ध्यान रखने के लिए कहा है। अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन यानी AOA की तरफ से निवासियों से आग्रह किया गया है कि घर से बाहर कॉमन एरिया या पार्क में आते समय वे अपने पहनावे का विशेष ध्यान रखें। एओए की ओर से 10 जून को जारी सर्कुलर में कहा गया है कि लोग 'लुंगी' और महिलाएं 'नाइटीज' में अपने फ्लैट से बाहर न आएं। सोसायटी के कुछ लोगों ने इस अपील का स्वागत किया है तो कुछ ने इसका विरोध जताया है। खिलाफत करने वाले लोगों का कहना है कि एओए ने उनकी निजता में दखल दिया है।

एओए के अध्यक्ष ने कहा-हमने भेदभाव नहीं किया

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक हिमसागर अपार्टमेंट में एओए के अध्यक्ष सीके कालरा ने कहा कि 'हम किसी के साथ भेदभाव नहीं कर रहे हैं। हमें इस बात की कुछ शिकायतें मिलीं कि कुछ लोग ढीले-ढाले कपड़े में रोजाना कंपाउंड में योग कर रहे हैं। इससे कुछ लोगों ने खुद को असहज महसूस किया। इसके बाद हमने पहनावे को लेकर एक गाइडलाइन का पालन करने को कहा'

महिलाओं ने लुंगी में योग करते देखा

कालरा ने आगे कहा, 'कुछ दिनों पहले महिलाओं ने लुंगी पहने हुए एक बुजुर्ग को योग करते हुए देखा। उन्होंने इसकी शिकायत की। इस बारे में हमने पहले लोगों से मौखिक रूप से कहा फिर बाद में एसोसिएशन ने इसे लेकर एक सर्कुलर जारी करने का फैसला किया।'

उत्तर और दक्षिण भारत में पहनी जाती है लुंगी

लुंगी उत्तर भारत और दक्षिण भारत दोनों जगहों पर पहनी जाती है। तमिलनाडु में लुंगी का प्रचलन बहुत ज्यादा है। उत्तर भारत के बिहार और उत्तर प्रदेश में भी लोग लुंगी पहनना पसंद करते हैं। गर्मी के मौसम में तापमान एवं आद्रता बढ़ने पर लोग ढीले-ढाले कपड़े पहनते हैं। ऐसे मौसम में लुंगी पुरुषों की एवं नाइटी महिलाओं की पसंद बन जाती है।

हमें सर्कुलर से कोई परेशानी नहीं-निवासी

हिमसागर अपार्टमेंट के निवासी डॉक्टर यश वीर सिंह को सर्कुलर से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा, 'वे हम पर किसी तरह का जुर्माना नहीं लगा रहे। मैंने कॉमन एरिया में लुंगी पहनकर घूमते किसी को नहीं देखा है। हो सकता है कि किसी के यहां कोई मेहमान आया हो। यहां के ज्यादातर निवासी अनुशासन में रहते हैं।' सर्कुलर में कहा गया है कि आप सोसाइटी में कहीं भी घूम रहे हों, इस बात का ध्यान रखें कि आपके पहनावे पर किसी को आपत्ति दर्ज कराने का मौका न मिले।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article