Noida News: गौतमबुद्धनगर में मयखानों की बढ़ती संख्या और लोगों को इन शराबियों से होने वाली परेशानियों और अपराध पर रोकथाम करने के लिए पुलिस ने अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के सभी थाना क्षेत्रों में 115 लोगों को हिरासत में ले लिया। इन्हें निजी मुचलके (पर्सनल बॉन्ड) पर छोड़ा गया है। यदि आरोपित दोबारा सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए पकड़े जाएंगे तो उन्हें जेल भी जाना होगा।
बता दें कि, पुलिस ने शहर व ग्रामीण क्षेत्र में जगह-जगह सार्वजनिक स्थानों पर बोतल खोल कर पैग लगाते हुए लोगों को पकड़ा था। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के सभी थाना क्षेत्रों में इसके लिए स्पेशल अभियान चलाया गया। 115 लोगों को हिरासत में लेने के बाद कार्रवाई करते हुए निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। इन असामाजिक तत्वों की शिकायत लोगों की ओर से लगातार पुलिस को मिल रही थी।
शराब के नशे में अराजकता फैलाते हैं शराबी
पुलिस के अनुसार, शराबी नशे में गालियां देते हुए शोर-शराबा मचाते हैं। कई बार महिलाओं के साथ भी छेड़छाड़ कर देते हैं। इस कारण आसपास से गुजरने वाले लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ जाता है। कई बार मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। शराब पीने के बाद सार्वजनिक स्थान पर ऐसे शराबी गंदगी फैलाने के साथ ही बोतल भी फोड़ दिया करते हैं। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी थानों को अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।फिर से पकड़े जाने पर होगी जेल
जानकारी के लिए बता दें कि, पुलिस की धर-पकड़ की कार्रवाई शुरू होते ही शराबियों में हड़कंप मच गया था। पुलिस को देखकर बहुत से लोग फरार भी हो गए। कार्रवाई से बचने के लिए बहुत से लोगों ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया, लेकिन पुलिस ने सभी के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की कार्रवाई में 115 लोग सार्वजनिक स्थानों पर ही बोतल खोल कर शराब पीते हुए पाए गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, यदि वह दोबारा पकड़ लिए जाते हैं तो उन्हें जेल की हवा खानी होगी।
