Aligarh Crime News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक हत्या को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
अलीगढ़ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
पुलिस ने मृतक की पहचान सोनू चौधरी (32) के रूप में हुई, जो हरदुआगंज थाना क्षेत्र के अपने गांव कोंडरा से तालानगरी औद्योगिक परिसर जा रहा था। चौधरी प्रभावशाली राजनीतिक नेताओं के साथ अपनी निकटता के लिए जाना जाता था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी एसयूवी कार से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो हथियारबंद लोगों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
पुलिस ने कहा कि गोलियां कार के शीशे को चीरती हुई निकल गईं और चौधरी को गहरी चोट आई, इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन बदमाश भाग गए। छर्रा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) धनंजय ने पत्रकारों को बताया कि घायल व्यक्ति को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरदुआगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरज यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को अब तक पीड़ित के परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
(इनपुट - भाषा)
