शहर

सड़क पर जानलेवा खतरा बने आवारा पशु, नोएडा में एक स्कूटर सवार की मौत; प्रशासन पर उठे सवाल

नोएडा के सेक्टर-49 में आवारा गाय से टकराने के बाद एक स्कूटर सवार 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्कूटर से गिरने के बाद उसे तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।

Image

फाइल फोटो

Noida Accident News: नोएडा के सेक्टर-49 में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे हो गया, जिसमें 55 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 बजे शख्स स्कूटर पर सवार होकर अपने घर जा रहा था, तभी सेक्टर 49 ट्रैफिक सिग्नल के पास सड़क किनारे खड़ी एक गाय अचानक उसके रास्ते में आ गई। स्कूटर टकराते ही वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रही एक कार ने उसे कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान शख्स की मौत हो गई।

कार चालक गिरफ्तार

मृतक की पहचान सेक्टर-99 निवासी और नोएडा अथॉरिटी से जुड़े आर्किटेक्ट अर्जेश कुमार के तौर पर हुई। हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना कार के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हुई है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से वाहन चलाने व गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

आवारा पशुओं के कारण लगातार हो रहे हादसे

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर शहर में आवारा पशुओं की समस्या को उजागर करता है। पिछले कुछ महीनों में ऐसी कई घटनाएं नोएडा और ग्रेटर नोएडा से सामने आ चुकी हैं। फरवरी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की बाइक एक आवारा सांड से टकरा गई थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। 2025 में भी आवारा पशुओं के कारण हुए कई हादसों में जानमाल का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर खुलेआम घूम रहे मवेशी रोजाना हादसों की वजह बन रहे हैं। हालांकि नोएडा अथॉरिटी की ओर से पशुओं को रास्ते से हटाकर शेल्टर भेजने और कैटल टैगिंग सिस्टम शुरू करने की बात कही जा रही है, लेकिन लोगों का मानना है कि यह समस्या जमीनी स्तर पर अब भी गंभीर बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article