शहर

'जल्दी बोल- पनवेल निकलना है' वाले डायलॉग पर प्रोफेसर का खौला खून, छात्र का कॉलर पकड़ा और...हो गया एक्शन

गुजरात के अहमदाबाद में स्थित एक विश्वविद्यालय के हास्य कार्यक्रम में छात्र का कॉलर पकड़कर धमकाने वाले प्रोफेसर के खिलाफ जांच समिति गठित की गई है।

Image

प्रोफेसर ने छात्र का पकड़ा कॉलर

अहमदाबाद : अहमदाबाद के एक विश्वविद्यालय में एक स्टैंड-अप हास्य कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर एक छात्र पर भड़क गए और छात्र का कॉलर पकड़ कर धमकाने लगे। इस पूरी घटना के वीडियो सामने आने के बाद प्रबंधन ने तीन-सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। संस्थान के महानिदेशक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटना 18 से 20 सितंबर तक विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्रों द्वारा आयोजित 'टेक्नोफोरा 2026' के दौरान हुई थी।

रजत सूद के कार्यक्रम में हुई घटना

हास्य कलाकार रजत सूद के एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हुआ था, जिस पर छात्र संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।

पटेल ने पत्रकारों से कहा कि घटना के बाद विश्वविद्यालय ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रोफेसर और छात्र दोनों से बात की। इसके बाद संबंधित शिक्षक ने छात्र से माफी मांगी, वहीं छात्र ने भी स्वीकार किया कि उसे ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी और उसने भी खेद जताया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन ने छात्र के माता-पिता से भी बात की है। इसके अलावा, विश्वविद्यालय स्तर पर तीन वरिष्ठ प्रोफेसरों की एक समिति बनाई गई है, जिसकी रिपोर्ट तीन से चार दिनों में आने की उम्मीद है। वीडियो के अनुसार, प्रोफेसर ने दर्शक दीर्घा में बैठे एक छात्र को मंच पर बुलाया और उसका कॉलर पकड़ लिया।

क्या था मामला?

दावा किया जा रहा है कि जब प्रोफेसर मंच से बोल रहे थे, तभी छात्र ने एक बॉलीवुड फिल्म का डायलॉग बोलते हुए चिल्लाकर कहा, "जल्दी कर, पनवेल निकलना है। वीडियो में प्रोफेसर, छात्र को यह धमकी देते हुए भी सुने जा सकते हैं, "मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं। जिस दिन तुमने निरमा विश्वविद्यालय परिसर के किसी भी शिक्षक का अपमान करने की हिम्मत की, उस दिन तुम हमेशा के लिए खत्म हो जाओगे।

इस घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया, जबकि कांग्रेस से जुड़े नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने बृहस्पतिवार को विरोध दर्ज कराया था। दोनों संगठनों ने प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article