Nepal Flash Flood: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में अब तक कम से कम 359 लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच, मुंबई से 23 अगस्त को नेपाल के रास्ते कैलास मानसरोवर दर्शन के लिए गए महाराष्ट्र के ठाणे जिले के 9 पर्यटकों से संपर्क टूटने की खबर से हड़कंप मच गया है। दूसरी ओर, नेपाल में राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने 'भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा' (दिल्ली-काठमांडू अंतरराष्ट्रीय बस सेवा) की उड़ानों को एहतियातन रोक दिया है।
ठाणे के 9 श्रद्धालुओं से संपर्क टूटा
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ठाणे जिले के 9 पर्यटक नेपाल के काठमांडू और तिमुरे सहित अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूद थे। इनमें कल्याण के 2, डोंबिवली का 1, ठाणे शहर के 5 और नवी मुंबई का 1 पर्यटक शामिल हैं। कुछ पर्यटकों की अंतिम लोकेशन नेपाल सीमा के पास दर्ज हुई थी, लेकिन भीषण बाढ़ के बाद मोबाइल टावर और सड़क नेटवर्क ध्वस्त होने से अब उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिजनों ने महाराष्ट्र सरकार, विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों से अपनों की त्वरित लोकेशन व सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- नेपाल की बाढ़ का यूपी में भी असर, महराजगंज-कुशीनगर में हाई अलर्ट जारी
DTC की दिल्ली-काठमांडू मैत्री बस सेवा स्थगित
नेपाल में राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह ठप होने के कारण दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने एहतियाती कदम उठाया है। डीटीसी के आईपी डिपो द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की दिल्ली-से-काठमांडू और काठमांडू-से-दिल्ली की बसों की आवाजाही रोक दी गई है। नेपाली बस सेवा भी प्रभावित: इसके साथ ही 29 अगस्त 2026 को दिल्ली से काठमांडू जाने वाली नेपाली बस की ट्रिप को भी स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लिया गया है।
84 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया, 290 से संपर्क साधने की कोशिशें जारी
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चल रहा है। त्रिशूली-I जलविद्युत परियोजना स्थल पर फंसे 63 भारतीय कर्मचारियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और उनके नामों की सूची जारी की गई है। कैलास मानसरोवर यात्रा पर गए तमिलनाडु के 21 श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। मंत्रालय के अनुसार, नेपाल में अब तक कुल 84 भारतीय सुरक्षित निकाले जा चुके हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे 290 भारतीय नागरिकों का पता लगाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
