Mumbai News: मुंबई की जुहू पुलिस ने एक निजी स्कूल वैन चालक को तीन नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी उन बच्चियों को रोजाना उनके घर से स्कूल लेकर जाता था। शुरुआत में FIR सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी क्योंकि सभी पीड़ित वहीं रहती थीं, लेकिन चूंकि स्कूल जुहू पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है और घटना भी स्कूल के पास हुई थी, इसलिए मामला आगे की जांच के लिए जुहू पुलिस को सौंप दिया गया।
13 नवंबर का है मामला
पुलिस के अनुसार, घटना 13 नवंबर को तब सामने आई जब जुहू स्थित एक निजी स्कूल के बाहर वैन चालक बच्चों को उतारते समय कथित रूप से गलत तरीके से छूआ। दो दिन बाद 11 वर्षीय एक छात्रा ने अपने माता-पिता को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद अन्य दो बच्चियों के माता-पिता ने भी इसी प्रकार की शिकायत की पुष्टि की।
पीड़ित परिवारों के बयान दर्ज होने के बाद आरोपी गुलजार शेख (48) को BNS की धारा 75 और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि वैन निजी है और स्कूल से उसका कोई सीधा संबंध नहीं है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जुहू पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला स्थानांतरित होते ही आरोपी को 15 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत ने 20 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस अब घटना के दौरान वैन की निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी जांच कर रही है।
