Mumbai News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से मुंबई का दौरा करने वाले हैं। वह शुक्रवार 10 फरवरी को देश की आर्थिक राजधानी में पहुंचेंगे। पीएम मोदी की सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार को शहर के कई हिस्सों में रूट डायवर्जन किया गया है। प्रधानमंत्री मुंबई में मध्य रेलवे की ओर से आयोजित एक समारोह का हिस्सा बनने के लिए आ रहे हैं। वहीं रूट डायवर्जन की जानकारी मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने दी है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार पी डीमेलो रोड, शहीद भगत सिंह रोड और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के आसपास के इन इलाकों की ओर जाने वाली सड़कों से पूर्वी फ्रीवे पर ट्रैफिक को 10 फरवरी को दोपहर 2:45 बजे से शाम 4:50 बजे तक विनियमित और नियंत्रित किया जाएगा।
इन रूट पर होगा डायवर्जन
पीएम नरेंद्र मोदी के शहर के दौरे को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ डायवर्जन भी किए हैं। सीएसएमटी जंक्शन से ईस्टर्न फ्रीवे के माध्यम से चेंबूर जाने वाले वाहन डीएन रोड से सर जेजे फ्लाईओवर की ओर दादर, माटुंगा और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे का इस्तेमाल करते हुए चेंबूर की ओर जा सकते हैं। इसके अलावा चर्चगेट रेलवे स्टेशन से ईस्टर्न फ्रीवे के माध्यम से चेंबूर की ओर जाने वाले वाहन वी नरीमन रोड से सीटीओ जंक्शन की ओर जाएंगे और वहां से हजारीमल सोमानी मार्ग, सीएसएमटी जंक्शन, सर जेजे फ्लाईओवर, दादर, माटुंगा की ओर जाएंगे और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे का उपयोग करते हुए चेंबूर की ओर बढ़ेंगे।
यहां पर भी रखें ध्यान
कफ परेड, नेवी नगर से वाहन नाथालाल पारेख मार्ग से बधवार पार्क जंक्शन, भोसले मार्ग, मंत्रालय-गोदरेज जंक्शन, डॉ. अंबेडकर जंक्शन, सीटीओ जंक्शन, हजारीमल सोमानी मार्ग, सीएसएमटी जंक्शन की ओर जाएंगे और सर जेजे फ्लाईओवर से दादर की ओर जा सकते हैं। ईस्टर्न फ्रीवे के माध्यम से सीएसएमटी, कोलाबा और चर्चगेट की ओर जाने वाले वाहनों को ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और आगे सर जेजे फ्लाईओवर का उपयोग करके मानखुर्द - चेंबूर- चेड्डा नगर के माध्यम से आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई में आज यानी 10 फरवरी को दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। इन ट्रेनों को शुरू करने के लिए काफी वक्त से चर्चा बनी हुई थी।
