Mumbai Crime News: कुछ घटनाएं ऐसी होती जिसकी वजह का पता लगाने में पुलिस के भी पसीने छूट जाते हैं। हालांकि हर हत्या और चोरी के पीछे कोई न कोई मकसद जरूर होता है। अब मुंबई पुलिस एक व्यापारी की हत्या की वजह पता लगाने और हत्यारों की तलाश में जुट हुई है। मुंबई-गोवा हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक लग्जरी कार में 44 साल के व्यापारी का शव मिला। घटना शुक्रवार शाम पनवेल में मुंबई-गोवा हाईवे की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार व्यापारी का शव एक ऑडी कार में मिला है। पुलिस के मुताबिक कार मुंबई-गोवा हाईवे पर गुरुवार से खड़ी थी और शुक्रवार को एक राहगीर ने कार के अंदर शव देखा। जिसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
छाती पर गंभीर घाव
मृतक की पहचान तालेगांव निवासी संजय कार्ले के रूप में हुई है, जो पानी की सप्लाई करने वाले टैंकर का कारोबार करता था। मामले पर पनवेल तालुका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया है कि स्थानीय लोगों के मुताबिक गुरुवार रात को भी उन्होंने कार देखी थी, इसलिए पुलिस मान रही है कि शव वहां एक दिन से ज्यादा समय से पड़ा हुआ है। शव सड़ने लगा था। छाती पर मिले चोट के निशान चाकू या गोली के घाव हो सकते हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।मृतक पर कई आपराधिक मामले
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात कार से शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस को शीशा तोड़ना पड़ा था। पाटिल ने कहा है कि कार संजय कार्ले के नाम पर नहीं है, सिर्फ कार का इस्तेमाल उसने किया था। तालेगांव पुलिस के मुताबिक कार्ले के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर मकोका के तहत भी मामला दर्ज हो चुका है और हाल ही में उसे पैरोल पर रिहा किया गया था। कार्ले पर नकली सोने के सिक्के बेचने का भी आरोप था और पिछले कुछ दिनों से पिंपरी-चिंचवाड़ पुलिस की ओर से सस्ते दामों पर सोने के बिस्कुट का वादा करके लोगों को ठगने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद से वह फरार था।
