Panvel Dance Bar Vandalism: नवी मुंबई के पनवेल इलाके में शनिवार देर रात महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के कार्यकर्ताओं ने एक डांस बार में तोड़फोड़ की। पुलिस के अनुसार कार्यकर्ताओं ने बार में घुसकर कुर्सियां-मेजें और शराब की बोतलें तोड़ीं। उन्होंने पूरे बार को काफी नुकसान पहुंचाया। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और गवाहों के बयान दर्ज कर रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि मनसे के कुछ कार्यकर्ता पनवेल के बाहरी इलाके में स्थित ‘नाइट राइडर्स बार’ में घुस गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर फर्नीचर में तोड़फोड़ की, शराब की बोतलें तोड़ दीं और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टूटी हुई मेजें, टूटे हुए कांच और बार के अंदरूनी हिस्से में हुई तोड़फोड़ नजर आ रही है।
पनवेल में डांस बार में क्यों हुई तोड़फोड़
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार मनसे के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन भूमि पर डांस बार का कोई स्थान नहीं है। हम पनवेल या राज्य में कहीं भी ऐसी अश्लीलता को पनपने नहीं देंगे।’’ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पनवेल पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम सीसीटीवी फुटेज जुटा रहे हैं और गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।’’
