महाराष्ट्र के मुंबई शहर में नाबालिग से रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि मानसिक रूप से कमजोर लड़की का चलती टैक्सी में रेप किया गया। 14 साल की पीड़िता को पहले किडनैप किया गया और फिर वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने गंदी हरकत के बाद उसे मालवणी के पास गाड़ी से उतार दिया। पुलिस ने इस सिलसिले में सलमान शेख (26) और टैक्सी ड्राइवर प्रकाश पांडे नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टैक्सी ड्राइवर पर सलमान की मदद का आरोप है।
भिवंडीः बच्ची से बलात्कार और हत्या का आरोपी बिहार से धराया
इस बीच, सूबे के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में पिछले हफ्ते छह साल की बच्ची से कथित बलात्कार और उसकी हत्या कर फरार हुए 32 साल के मजदूर को बिहार के मधुबनी से पकड़ा गया है। पुलिस ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया- कामतघर की रहने वाली लड़की 13 सितंबर को अपने घर से लापता हो गई थी। उसका शव अगले दिन सलामत अली आलम अंसारी के किराए के कमरे में एक बाल्टी में मिला था।पुलिस अफसरों के अनुसार, लड़की की पहचान उसके कपड़े और सैंडल से की गई और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि उससे बलात्कार किया गया था। बाद में अंसारी फरार हो गया था। भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 376 (बलात्कार) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि पुलिस ने जांच के लिए तीन टीम गठित कीं।
