मुंबई

महाराष्ट्र सरकार से मिली मंजूरी, अहिल्यादेवी स्मारक का 681 करोड़ से होगा उन्नयन

मालवा शासिका अहिल्यादेवी होलकर के जन्मस्थान पर उनकी स्मारक के संरक्षण और जीर्णोद्धार को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस विकास परियोजना के लिए 681.32 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

Image

अहिल्यादेवी स्मारक का 681 करोड़ से होगा उन्नयन

Maharashtra News: महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को 18वीं सदी की मालवा शासिका अहिल्यादेवी होल्कर के जन्मस्थान पर उनकी स्मारक के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए 681.32 करोड़ रुपये की विकास योजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। राज्य योजना विभाग ने मंजूरी के बारे में एक सरकारी आदेश जारी किया जो पश्चिमी महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले (पूर्व में अहमदनगर) के जामखेड तालुका के अंतर्गत चौंडी में जन्मीं पराक्रमी रानी की 300वीं जयंती (31 मई) से पहले आया है। विकास योजना के समन्वय और कार्यान्वयन की जिम्मेदारी अहिल्यानगर के जिलाधिकारी को सौंपी गई है।

मार्च में पेश किए गए राज्य बजट में वित्त और योजना विभागों को संभालने वाले उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा था कि योजना विभाग के माध्यम से तीर्थ क्षेत्रों सहित अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय महत्व के महत्वपूर्ण स्थलों को विकसित किया जाना है। तदनुसार, स्थानीय हितधारकों और विशेषज्ञों के परामर्श के बाद अहिल्यानगर के जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली एक समिति द्वारा आवश्यक निधि सहित होल्कर के स्मारक स्थल के संरक्षण और विकास के लिए एक मसौदा योजना तैयार की गई थी। इस योजना को छह मई को चौंडी में हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई थी। बैठक के दो सप्ताह के भीतर ही पवार की अध्यक्षता वाले योजना विभाग ने संरक्षण और जीर्णोद्धार योजना के तहत 681.32 करोड़ रुपये को प्रशासनिक मंजूरी देने का आदेश जारी किया था।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article