Rapper Emiway Bantai Death Threat: बंटाई रिकॉर्ड्स कंपनी के मालिक बिलाल शेख उर्फ एमीवे बंटाई से कथित तौर पर गोल्डी बरार गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। उनसे करीब 1 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग भी की गई है। कंपनी की मैनेजर पूजा कुलाई ने नवी मुंबई के एनआरआई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
सिद्धू मूसेवाला पर ट्रिब्यूट सॉन्ग के बाद धमकी
एमीवे बंटाई ने पंजाब के मशहूर गायक रहे सिद्धू मूसेवाला की मृत्यु के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनकी गायकी की तारीफ की थी। उस वक्त उन्होंने कहा था कि वे जल्द ही सिद्धू मूसेवाला के साथ काम करने वाले थे। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की तीसरी बरसी पर उन्हें समर्पित करते हुए 26 मई को एक गाना रिलीज किया था। जिसका नाम 'ट्रिब्यूट टू सिद्धू मूसेवाला' है। इस गाने की रिलीज के एक दिन पहले 25 मई को उन्हें फिरौत के साथ जान से मारने की धमकी मिली।
कंपनी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से आया मैसेज
बिलाल शेख नवी मुंबई के सीवुड स्थित जब अपने घर में थे। उस वक्त उनकी कंपनी के मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से संदेश आया कि मैं गैंगस्टर गोल्डी बरार बोल रहा हूं। तेरे गायक के पास सिर्फ 24 घंटे हैं अगर 24 घंटे के अंदर 1 करोड़ रुपए नहीं भेजे तो खत्म कर दूंगा। जिसके बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ इस विषय पर चर्चा की और एनआरआई पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया ।
