Lonavala Crime News: महाराष्ट्र के लोनावला शहर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां तीन दरिंदों ने एक युवती के साथ चलती कार में सामूहिक बलात्कार किया। आरोपियों ने युवती को जबरन कार में बैठा लिया। फिर शहर के अलग-अलग हिस्सों में घुमाकर उसके साथ हैवानियत की। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित युवती को शहर के बाहरी इलाके में फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है और दो अन्य की तलाश में टीमें जुटी हैं।
CCTV फुटेज के आधार एक आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता ने शुक्रवार को लोनावला सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 70, 64, 138, 304 (2) और 115 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से तुंगारली इलाके से 35 वर्षीय एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपी का मेडिकल टेस्ट
News18Hindi में छपी खबर के अनुसार पुलिस निरीक्षक राजेश रामाघरे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहराई से जांच की जा रही है। आरोपी का मेडिकल और अन्य फॉरेंसिक जांच तेजी से की जा रही है। पीड़ित युवती का मेडिकल परीक्षण हो चुका है और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
