मुंबई

पुलिस के शौर्य को सलाम! चंद घंटों में मासूम को अपहरणकर्ताओं से छुड़ा लाई, पढ़िए ऑपरेशन की इनसाइड स्टोरी

Maharashtra: महाराष्ट्र के जालना में पुलिस की तत्परता की वजह से अपहरणकर्ताओं के इरादों में पानी फिर गया और एक मासूम सुरक्षित अपने घर वापस लौट आया। दरअसल, 13 वर्षीय मासूम का अपहरण करने वाला मास्टरमाइंड भूरेवाल व्यापारी पिता का पड़ोसी बताया जा रहा है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Image

पुलिस

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • मंगलवार सुबह मासूम का हुआ था अपहरण
  • रात नौ बजे आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
  • व्यापारी का पड़ोसी था अपहरण का मास्टरमाइंड

Maharashtra: महाराष्ट्र के जालना में पुलिस ने फिरौती के लिए अगवा किये गये 13 वर्षीय एक लड़के को कुछ ही घंटों के भीतर छुड़ाते हुए उसके पड़ोसी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लड़के के व्यापारी पिता से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।

आरोपियों की हुई पहचान

अधिकारी ने बताया कि लड़के को मंगलवार सुबह अगवा किया गया और रात नौ बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को छुड़ा लिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजयकुमार बंसल ने बताया कि आरोपियों की पहचान रोहित भूरेवाल, अरबाज शेख और नितिन शर्मा के रूप में हुई है।

अपहरणकर्ताओं ने मांगे 5 करोड़

अधिकारी ने बताया कि अगवा किये गये लड़के के पिता कृष्ण मुजमुले (38) आयुर्वेद दवाओं के विक्रेता हैं। उन्होंने बताया, 'मंगलवार सुबह लड़का अपने स्कूल के लिए निकला था, लेकिन कुछ देर बाद मुजमुले को फोन आया। फोन करने वाले ने उनसे कहा कि उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया है और उसने रिहाई के लिए पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। अपहरणकर्ताओं ने धमकी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं की गईं तो वे लड़के को कोई हानिकारक इंजेक्शन लगा देंगे।'

जब अपहरणकर्ताओं ने घटाई फिरौती

मुजमुले ने स्कूल में संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि बेटा वहां नहीं पहुंचा था, जिसके बाद उन्होंने सदर बाजार थाने और जिला पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया। बंसल ने बताया कि हमने तुरंत उसे छुड़ाने के लिए अभियान शुरू किया। पूरे दिन अपहरणकर्ता लड़के के पिता को फोन करते रहे और उन्होंने फिरौती की रकम घटाकर 20 लाख रुपये कर दी। अपहरणकर्ताओं ने व्यापारी से पैसे वाला बैग स्थानीय पेट्रोल पंप पर रखने को कहा।'

पुलिस ने अपहरणकर्ता को दबोचा

उन्होंने बताया कि योजना के मुताबिक, मुजमुले ने बैग को अपहरणकर्ताओं की बताई हुई जगह पर रख दिया और पुलिसकर्मी वहां आस-पास ही छिप गये। मुख्य आरोपी भूरेवाल जैसे ही बैग को उठाने के लिए पहुंचा पुलिसकर्मियों ने उसे दबोचा और गिरफ्तार कर लिया।

कौन था मास्टरमाइंड?

भूरेवाल ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसके साथी एक दूसरी जगह पर लड़के के साथ इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और शेख व शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नाबालिग को उनके चंगुल से छुड़ा लिया और अपराध में इस्तेमाल की गई कार और मोटरसाइकिल के साथ-साथ दो वॉकी-टॉकी फोन भी जब्त कर लिए। अपहरण का मास्टरमाइंड भूरेवाल व्यापारी का पड़ोसी है।

अधिकारी ने बताया कि भूरेवाल ने पैसे ऐंठने के लिए अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर योजना बनाई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जबरन वसूली और अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article