काशीनाथ चौधरी भाजपा में शामिल
Palghar News: पालघर साधु लिंचिंग मामले में कभी भाजपा द्वारा मुख्य संदिग्ध बताए गए काशीनाथ चौधरी अब औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रविवार को दहानू में सांसद हेमंत सावरा और जिला अध्यक्ष भरत राजपूत की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। चौधरी के 3,000 से अधिक समर्थकों ने भी उनके साथ पार्टी ज्वॉइन की। नगर निगम चुनावों के ठीक पहले हुए इस बड़े राजनीतिक मोड़ ने क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और बहस को तेज कर दिया है।
पालघर में 2020 में लॉकडाउन के दौरान 16 अप्रैल को दो साधुओं चिन्मयानंद और सुशील गिरी महाराज और उनके ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। तीनों सूरत जा रहे थे, तभी गढ़चिंचल गांव में भीड़ ने उनपर हमला कर दिया था। इस मामले में भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन नेता काशीनाथ चौधरी पर मुख्य षड्यंत्रकारियों में से एक होने का आरोप लगाया था।
तत्कालीन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के कार्यकाल में हुई इस घटना ने राज्य भर में आक्रोश पैदा कर दिया था। भाजपा ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार की कड़ी आलोचना की थी और कानून-व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का आरोप लगाया था। पार्टी ने यह भी दावा किया था कि भीड़ को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और सीबीआई जांच की मांग को लेकर 'मुंबई-पालघर जन आक्रोश यात्रा' का आयोजन किया गया था। पुलिस ने इस मामले में लगभग 200 लोगों को हिरासत में लिया था और 108 गवाहों के बयान दर्ज किए थे।
एकनाथ शिंदे ने तो साधुओं की हत्या को अपने विद्रोह के कारणों में से एक बताते हुए कहा था, "हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते।" चौधरी के भाजपा में शामिल होने पर अब विपक्ष, खासकर राकांपा के शरद पवार गुट ने तीखे सवाल उठाए हैं। नगर निगम चुनाव नजदीक आने के साथ, चौधरी के भाजपा में शामिल होने के समय ने क्षेत्र में राजनीतिक बहस तेज कर दी है।