मुंबई

Hardoi Murder: मामूली विवाद का खौफनाक अंजाम, बारात में DJ बंद होने पर भड़का दूल्हे का बहनोई, कर डाली हत्या

हरदोई में बारात में डीजे बंद होने पर शुरू हुए विवाद में डीजे संचालक के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दूल्हे के बहनोई समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इस घटना के बाद शादी बीच में ही रुक गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Image

हरदोई में डीजे संचालक के पिता की हत्या

Hardoi Murder News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शादी समारोह के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। डीजे बंद करने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे के बहनोई ने डीजे संचालक के पिता को गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दो लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह मामला हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव का है। जहां के निवासी टीकाराम की बेटी की शादी लखनऊ के जेहटा निवासी विकास से तय हुई थी। गुरुवार देर रात बारात आई। अतरौली के ही बरगदी गांव के अमित का डीजे लगा था। रात करीब 12 बजे अमित ने डीजे बंद कर दिया।

इसी बात से नाराज दूल्हे के बहनोई आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अखिलेश गौतम ने अमित से डीजे फिर से चालू करने को कहा।

विवाद बढ़ने पर डीजे संचालक ने पिता-भाई को बुलाया

अमित ने देर रात का हवाला देकर ऐसा करने से मना कर दिया। इस पर दोनों भाइयों ने अमित से धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। झगड़ा बढ़ता देख अमित ने अपने पिता पुत्तीलाल (55) और बड़े भाई आशीष को बुला लिया। जब पिता और भाई उन्हें समझाने आए तो आकाश गौतम ने खुद को लखनऊ में बड़ा प्रॉपर्टी डीलर और किसी संगठन का अध्यक्ष बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि अखिलेश के इशारे पर आकाश ने कमर से लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और पुत्तीलाल के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही पुत्तीलाल जमीन पर गिर पड़ा। शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। बाराती इधर-उधर भागने लगे। घायल पुत्तीलाल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली ले जाया गया, वहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

अभी तक नहीं हुए फेरे

घटना के बाद पूरा मंडप सूना पड़ गया। जयमाला की रस्म हो चुकी थी, लेकिन फेरे नहीं पड़े थे। डरे हुए बाराती अपने-अपने घर लौट गए। दूल्हा और उसके परिजन कोतवाली पहुंच गए, जिससे शादी में व्यवधान पड़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) और सीओ संडीला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अमित की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे के दोनों बहनोई आकाश गौतम और अखिलेश गौतम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं। बहुत जल्द दोनों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस पूरे इलाके में छापेमारी कर रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें