वायरल न्यूज़

जिस हाथ ने दी नई जिंदगी, उसी हाथ से डोनर के भाई को बांधी राखी, रक्षाबंधन के इस पल ने Social Media को किया इमोशनल

लड़की ने अपने ट्रांसप्लांट किए गए हाथ से डोनर के भाई को राखी बांधी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

रक्षाबंधन पर डोनर के भाई को राखी बांधती लड़की (Instagram/@officialhumansofbombay)

राखी का त्योहार भाई-बहन के प्यार और रिश्ते का प्रतीक माना जाता है लेकिन इस बार राखी से जुड़ी एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया (Social Media) पर लोगों का दिल छू लिया। दरअसल, एक लड़की ने अपने ट्रांसप्लांट किए गए हाथ से उस परिवार के बेटे को राखी बांधी, जिसकी छोटी बेटी ने उसे यह हाथ दान किया था।

हादसे में हाथ गंवाया

यह कहानी है अनम्ता नाम की लड़की की। जो बचपन में एक भयानक हादसे का शिकार हो गई थीं। 2022 में उत्तर प्रदेश में अपनी मौसी के घर पर खेलते समय वह 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आ गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और संक्रमण फैलने के खतरे के कारण डॉक्टरों को उनका दाहिना हाथ काटना पड़ा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

बाएं हाथ से जारी रखा मेहनत

हादसे के बाद अनम्ता को कई दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ा। शुरुआत में उनके लिए इस नई जिंदगी को स्वीकार करना आसान नहीं था। लेकिन अस्पताल में दूसरे मरीजों को मुश्किल हालात के बावजूद हिम्मत से लड़ते देखकर उन्हें भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने अपने बाएं हाथ से लिखना सीखा और पढ़ाई जारी रखी। मेहनत का नतीजा यह रहा कि उन्होंने कक्षा 10 की परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए।

9 साल की रिया ने दिया हाथ

इसके बाद उनकी जिंदगी में एक और बड़ा मोड़ आया। उन्हें ऊपरी अंग का ट्रांसप्लांट कराने का मौका मिला। उन्हें रिया नाम की नौ साल की बच्ची का हाथ मिला, जिसकी दुखद मौत हो गई थी। रिया के माता-पिता ने उसके अंग दान करने का फैसला लिया, जिससे अनम्ता को जिंदगी का एक नया मौका मिला लेकिन इस ट्रांसप्लांट ने सिर्फ अनम्ता की जिंदगी नहीं बदली, बल्कि दो परिवारों को भी एक भावनात्मक रिश्ते में जोड़ दिया।

ट्रांसप्लांट किए गए हाथ से बांधी राखी

राखी के मौके पर अनम्ता रिया के परिवार से मिलीं। उन्होंने रिया के बड़े भाई की कलाई पर राखी बांधी। खास बात यह थी कि राखी उसी ट्रांसप्लांट किए गए हाथ से बांधी गई, जो कभी रिया का था। इस पल को देखकर रिया की मां भावुक हो गईं। उन्होंने अनम्ता के हाथ को थाम लिया और कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे उनकी बेटी वापस आ गई हो। अनम्ता के लिए भी यह पल बेहद खास था। उन्हें लगा कि रिया के आखिरी उपहार ने उन्हें सिर्फ एक नया जीवन ही नहीं दिया, बल्कि एक नया परिवार और भाई भी दिया। फिलहाल, अनम्ता का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article