शहर

महाराष्ट्र में फिर गरमाया मराठा आरक्षण, जालना में अनशन पर बैठेंगे मनोज जरांगे पाटिल; मुंबई घेराव की चेतावनी

महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। मनोज जरांगे पाटिल ने सरकार पर कुनबी सर्टिफिकेट देने में देरी और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए जालना के अंतरवाली सराटी में अनशन शुरू करने वाले हैं।

Image

जरांगे पाटिल ने दी मुंबई घेराव की चेतावनी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। मराठा आंदोलन के प्रमुख चेहरे मनोज जरांगे पाटिल आज जालना जिले के अपने पैतृक गांव अंतरवाली सराटी में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने वाले हैं। अनशन पर बैठने से पहले जरांगे पाटिल ने महाराष्ट्र की फडणवीस-महायुति सरकार पर वादाखिलाफी और मराठा समाज को छले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। जरांगे पाटिल ने मराठा समुदाय के लोगों से इस आंदोलन में भारी संख्या में एकजुट होकर शामिल होने की अपील की है। ऐसे में राज्य सरकार के सामने एक बार फिर मराठा आरक्षण आंदोलन को संभालने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की कड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

कुनबी सर्टिफिकेट देने में देरी पर भड़के जरांगे

मनोज जरांगे ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार योग्य मराठों को कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी करने में जानबूझकर देरी कर रही है। जरांगे ने कहा कि सरकार ने पहले जो आश्वासन दिए थे, उन्हें जमीनी स्तर पर लागू नहीं किया जा रहा है और प्रक्रिया को धीमा करके समय बिताने की कोशिश की जा रही है। अनशन शुरू करने से पहले जरांगे ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे मराठा समाज के साथ मुंबई का रुख करेंगे और राज्य सरकार के खिलाफ राजधानी में बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।

सरकार के सामने फिर खड़ी हुई बड़ी चुनौती

जालना के अंतरवाली सराटी गांव से शुरू हुआ यह अनशन राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है। जरांगे पाटिल ने राज्यभर के मराठा युवाओं और समाज के लोगों से शांतिपूर्ण लेकिन पुरजोर तरीके से इस आंदोलन का समर्थन करने का आह्वान किया है। प्रशासन अलर्ट पर: जरांगे के अनशन को देखते हुए जालना जिले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्य सरकार के मंत्री व प्रतिनिधि लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि आंदोलन को उग्र होने से रोका जा सके। फिलहाल, मनोज जरांगे पाटिल के इस कदम से महाराष्ट्र का राजनीतिक और सामाजिक तापमान एक बार फिर बढ़ गया है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article