Maharashtra News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने संदिग्ध आतंकवाद वित्तपोषण के मामले में बृहस्पतिवार को ठाणे जिले के पडघा में संयुक्त कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी कार्रवाई सुबह से ही भिवंडी क्षेत्र के पडघा में जारी थी। एक अधिकारी ने बताया कि यह अभियान पडघा के बोरीवली गांव में एटीएस द्वारा पहले किए गए कुछ अभियानों के आधार पर संचालित किया गया।
अधिकारी ने बताया कि कई संदिग्धों के घरों पर तलाशी अभियान जारी है और ईडी उनसे धन के संदिग्ध लेनदेन के संबंध में पूछताछ कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि एटीएस जांच में संघीय एजेंसी के अधिकारियों को सहयोग प्रदान कर रही है। वहीं, इस साल जून में एटीएस ने ठाणे ग्रामीण पुलिस के साथ मिलकर पडघा के बोरीवली में ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया’ (सिमी) के पूर्व पदाधिकारी साकिब नाचन और अन्य प्रतिबंधित संगठन के संदिग्ध सदस्यों तथा समर्थकों के 22 निवासों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया था।
अधिकारी ने बताया कि एटीएस ने छापेमारी के दौरान 19 मोबाइल फोन और कट्टरपंथ से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री और दस्तावेज जब्त किए हैं। इससे पहले, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने दो साल पहले पडघा में कुछ आतंकी गतिविधियों के सिलसिले में छापेमारी की थी। इस दौरान एनआईए ने साकिब नाचन को गिरफ्तार किया था, जिनकी इस साल जून में दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई।
