Thane: महाराष्ट्र के ठाणे समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था। इस दौरान ठाणे शहर में धूल भरी आंधी आने से अनधिकृत तौर पर बनाई गई एक ऊंची इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके बाद कुछ निवासियों को वहां से सुरक्षित निकाला गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। हादसे की सूचना मिलते ही अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इमारत को खाली करवाया गया।
सात मंजिला इमारत क्षतिग्रस्त
ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर मुंब्रा क्षेत्र में हुई इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के कारण ठाकुर पाड़ा में अनधिकृत रूप से बनाई गई सात मंजिला इमारत के दो कमरों की दीवारों में दरारें आ गईं। तड़वी ने आगे बताया कि अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी बचाव वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाकर इमारत को गिरने से बचाया। नगर निकाय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि एहतियात के तौर पर छह आवासीय इकाइयों को खाली कराकर सील कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि आंधी के कारण शहर भर में पेड़ गिरने की पांच घटनाएं हुईं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
इन जिलों में जारी तेज हवाओं का येलो अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज 5 अप्रैल को पालघर, मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, नासिक व आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ अधिक गर्मी होने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा आने वाले दिनों में इन जिलों में तेज हल्की बारिश होने की संभावना भी है।
(इनपुट - भाषा)
