मुंबई

मुंबई एयरपोर्ट पर DRI का बड़ा एक्शन; खाने के पैकेट में मिला 42 करोड़ का हाइड्रोपोनिक वीड, 2 यात्री गिरफ्तार

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) मुंबई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए दो यात्रियों से खाद्य पैकेटों में छिपाकर रखे गए ₹42 करोड़ मूल्य के हाइड्रोपोनिक वीड को जब्त किया गया। यह कार्रवाई पिछले तीन दिनों में हुई ₹90 करोड़ से अधिक के ड्रग्स पकड़े जाने की श्रृंखला का हिस्सा है।

मुंबई एयरपोर्ट पर DRI का बड़ा एक्शन; खाने के पैकेट में मिला 42 करोड़ का हाइड्रोपोनिक वीड, 2 यात्री गिरफ्तार

मुंबई एयरपोर्ट पर ₹42 करोड़ का हाइड्रोपोनिक वीड जब्त

DRI Mumbai Drug Seized: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की मुंबई जोनल यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर DRI अधिकारियों ने बैंकॉक से आए दो यात्रियों से करीब 42.34 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (Hydroponic Weed) बरामद किया। यह नशे की खेप खाद्य पदार्थों के पैकेट में छिपाई गई थी। बरामद किए गए ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹42 करोड़ बताई जा रही है। इस मामले में दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों में DRI ने कुल ₹90 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।

ऐसे रखा था छिपाकर

गोपनीय सूचना के आधार पर DRI मुंबई के अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए दो यात्रियों को रोककर उनके सामान की जांच की। तलाशी के दौरान नूडल्स, बिस्किट और अन्य खाद्य पदार्थों के पैकेटों में छिपाकर रखे गए नशीले पदार्थ बरामद किए गए। मौके पर की गई जांच में यह सामग्री NDPS फील्ड टेस्ट किट में मादक पदार्थ के रूप में पाई गई। इसके बाद अधिकारियों ने NDPS अधिनियम, 1985 के तहत लगभग 42.34 किलोग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त कर दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई DRI मुंबई द्वारा पिछले तीन दिनों में की गई दूसरी बड़ी ड्रग बरामदगी मानी जा रही है।

बड़े गिरोह की जांच जारी

इससे पहले, 31 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) को DRI मुंबई ने 4.7 किलोग्राम कोकीन की एक बड़ी खेप पकड़ी थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत लगभग ₹47 करोड़ आंकी गई थी। उस कार्रवाई में एजेंसी ने तस्कर, वितरक और फाइनेंसर समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस तरह, सिर्फ तीन दिनों के भीतर DRI मुंबई ने ₹90 करोड़ से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक बड़े गिरोह की जांच जारी है। एजेंसी का कहना है कि वह “नशा मुक्त भारत” के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट्स को तोड़ने के साथ-साथ देश के युवाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा की रक्षा हेतु लगातार अभियान जारी रखेगी।

लेटेस्ट न्यूज

अतुल सिंह
अतुल सिंह Author

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now ... और देखें

End of Article