मुंबई

महाराष्ट्र के लातूर में बर्ड फ्लू, दर्जनों कौओं की मौत; प्रशासन ने उठाए एहतियाती कदम

महाराष्ट्र के लातूर जिले में बर्ड फ्लू का प्रकोप फैल गया है। जिले के उदगीर शहर में 51 कौओं की मौत एवियन इन्फ्लूएंजा (H5N1) के कारण हुई है। यह जानकारी पशुपालन उपायुक्त डॉ. श्रीधर शिंदे ने दी।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

महाराष्ट्र के लातूर जिले में बर्ड फ्लू से 51 कौओं की मौत हो गई है और अधिकारियों ने बीमारी को फैलने से रोकने के लिए निवारक उपाय करना शुरू कर दिया है। पशुपालन उपायुक्त डॉ. श्रीधर शिंदे ने बताया कि शनिवार को भोपाल पशु चिकित्सा प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट से पता चला है कि उदगीर शहर में कौओं की मौत एवियन इन्फ्लूएंजा (एच5एन1) से हुई है। उन्होंने बताया कि शनिवार तक उदगीर शहर के विभिन्न हिस्सों में 51 कौवे मृत पाए गए।

लैब में हुई पुष्टि

अधिकारियों को 13 जनवरी से शहर के बगीचों व अन्य क्षेत्रों में मृत पक्षियों के बारे में शिकायतें मिल रही थीं। अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और मौत के कारण का पता लगाने के लिए 14 जनवरी को छह शवों को प्रयोगशाला भेजा गया। जिला प्रशासन ने बीमारी को फैलने से रोकने के लिए निवारक उपाय शुरू कर दिए हैं।

इलाके में अलर्ट जारी

जिस जगह मृत कौवे मिले हैं उस स्थान के 10 किलोमीटर के दायरे को ‘अलर्ट जोन’ घोषित किया गया है। आदेश में प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की आवाजाही तथा पक्षियों और जानवरों के परिवहन पर प्रतिबंध लगाया गया है। निर्देश के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों को संक्रमणमुक्त किया जाएगा तथा अधिकारी 10 किलोमीटर के दायरे में सभी पोल्ट्री फॉर्म का सर्वेक्षण करेंगे तथा नमूने परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे।

प्रशासन ने निवासियों से आग्रह किया है कि वे जिले के अन्य भागों में पक्षियों या जानवरों की किसी भी असामान्य मृत्यु की सूचना निकटतम पशु चिकित्सालय या वन विभाग को दें।

इनपुटः आईएएनएस

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article