मुंबई

Mumbai Airport पर सीमा शुल्क की बड़ी कार्रवाई, 20 करोड़ की मारिजुआना और डेढ़ करोड़ से अधिक का सोना जब्त, 8 गिरफ्तार

मुंबई एयरपोर्ट पर बीते तीन दिनों से सीमा शुल्क विभाग के अधिकारी सोने और ड्रग्स की तस्करी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर रहे हैं। इस दौरान 19.645 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) और 1.55 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। इस मामले में तस्करी करने वाले 6 यात्री और 2 रिसीवर को गिरफ्तार किया गया है।

Image

Mumbai Airport पर सीमा शुल्क की बड़ी कार्रवाई

Mumbai News: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर सीमा शुल्क विभाग ने पिछले तीन दिनों में ड्रग्स और सोने की तस्करी पर जोरदार प्रहार किया है। खुफिया सूचना और सतर्कता के दम पर कुल 19.645 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) और 1.55 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत करीब 20.65 करोड़ रुपए है। इस क्रम में 6 यात्री और 2 रिसीवर भी गिरफ्तार किए गए। बैंकॉक से आने वाली थाई एयरवेज की उड़ान टीजी-351 सबसे ज्यादा निशाने पर रही।

मुंबई एयरपोर्ट पर भारी मात्रा में सोना और ड्रग जब्त

जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को दो अलग-अलग यात्रियों के ट्रॉली बैग से 10.090 किलोग्राम और 5.745 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई, जिनकी कीमत क्रमशः 10.09 करोड़ और 5.745 करोड़ रुपए बताई जा रही है। सीमा शुल्क विभाग ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उसी दिन एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2338 के शौचालय से 3.921 किग्रा मारिजुआना मिला, जिसकी कीमत 3.921 करोड़ रुपए आंकी गई। 12 नवंबर को फिर टीजी-351 से आए एक यात्री के बैग के नकली तल में 889 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई, जिसकी कीमत 88.9 लाख रही। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह चार मामलों में 19.645 किग्रा मारिजुआना जब्त हुई। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।

6 यात्रियों समेत दो रिसीवर गिरफ्तार

बुधवार को मुंबई-दुबई जाने वाली फ्लाईदुबई की उड़ान एसजी-13 से दो यात्रियों को रोका गया। व्यक्तिगत तलाशी में उनके मोजों में मोम में लिपटे चार पैकेट 24 कैरेट सोने का चूर्ण मिला, जिनका वजन 1550 ग्राम (कीमत 1 करोड़ 78 लाख 26 हजार रुपए) था। दोनों यात्रियों को गिरफ्तार किया गया। हवाई अड्डे के बाहर सोना लेने के लिए इंतजार कर रहे दो रिसीवर भी पकड़े गए, इस तरह कुल चार गिरफ्तारियां हुईं।

मंगलवार को मुंबई से दुबई जाने वाले एक यात्री के हैंडबैग बैग से 15,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 13.16 लाख रुपए) बरामद हुए, जो बिना घोषणा के ले जाया जा रहा था। सीमा शुल्क आयुक्त ने बताया कि बैंकॉक से हाइड्रोपोनिक मारिजुआना की तस्करी बढ़ी है। हमारी टीमें 24×7 अलर्ट हैं। एयरलाइंस क्रू की सूचना और खुफिया तंत्र ने बड़ी सफलता दिलाई। विभाग ने कहा कि सोने की तस्करी में नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं, लेकिन तकनीक और सतर्कता से हर कोशिश नाकाम की जा रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article