मुंबई

मुंबई में CNG संकट 40 घंटे बाद भी जारी, टैक्सी-बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित; जानें कब से शुरू होगी आपूर्ति

मुंबई में CNG आपूर्ति बंद है और हालात अब भी सामान्य नहीं हुए हैं। जिससे टैक्सी, ऑटो और बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। MGL ने बताया कि उसके 389 स्टेशनों में से 225 चालू कर दिए गए हैं। ट्रॉम्बे स्थित RCF परिसर में GAIL की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से वडाला CGS की सप्लाई बाधित हुई। इस संकट से 5 लाख से अधिक निजी वाहन भी प्रभावित हैं।

Image

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बाधित हुई सेवा (सांकेतिक तस्वीर | PTI)

Photo : PTI

Mumbai CNG Crisis: मुंबई में CNG आपूर्ति बंद हुए 40 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन हालात अब भी सामान्य नहीं हुए हैं। रविवार दोपहर अचानक मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के सभी 486 CNG फ्यूलिंग स्टेशनों पर सप्लाई रुकने के बाद शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, खासकर टैक्सी, ऑटो और बस सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो गई हैं।

सोमवार को महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने बयान जारी कर बताया कि उसकी कुल 389 CNG स्टेशनों में से 225 चालू कर दिए गए हैं। MGL ने यह भी कहा कि सप्लाई मंगलवार दोपहर तक बहाल होने की संभावना है।

वडाला CGS की सप्लाई प्रभावित

MGL के अनुसार, ट्रॉम्बे स्थित RCF परिसर के अंदर GAIL की मुख्य गैस आपूर्ति पाइपलाइन को किसी तीसरे पक्ष की तरफ से नुकसान पहुंचा, जिसके कारण वडाला के सिटी गेट स्टेशन (CGS) की सप्लाई बाधित हो गई। इसी वजह से मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कई CNG स्टेशन अब भी बंद हैं। कंपनी ने बताया कि घरेलू PNG उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर अनवरत गैस सप्लाई जारी है। हालांकि CNG स्टेशन बंद रहने से यात्री वाहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं।

यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं

मुंबई की अधिकांश टैक्सियां, ऑटो रिक्शा और कई सार्वजनिक बसें CNG पर चलती हैं। सप्लाई रुकने के बाद बड़ी संख्या में टैक्सी और ऑटो सड़कों से गायब हो गए, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर भी भारी अफरा-तफरी देखने को मिली, जहां यात्री टैक्सी स्टैंड पर लंबी कतारों में खड़े दिखे। कई लोग पास के मेट्रो स्टेशन की ओर रुख करते नजर आए। ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं की बुकिंग भी मुश्किल हो गई है और यात्रियों को दोगुना किराया तक देना पड़ रहा है।

क्या आज से सामान्य होंगी सेवाएं?

बता दें कि गैस पाइपलाइन की मरम्मत का काम जारी है और मंगलवार, 18 नवंबर 2025 दोपहर तक सप्लाई बहाल हो सकती है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में यह लिखा है कि "रेक्टिफिकेशन का काम जारी है और गैस आपूर्ति बहाली मंगलवार दोपहर तक शुरू होने की उम्मीद है।" यह समस्या उस समय शुरू हुई जब रविवार को RCF परिसर में GAIL की मुख्य गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे वडाला CGS को मिलने वाली गैस सप्लाई रुक गई, जिससे मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के सैकड़ों स्टेशन बंद हो गए। इससे न सिर्फ सार्वजनिक परिवहन बल्कि शहर में चलने वाले 5 लाख से अधिक निजी CNG वाहनों पर भी असर पड़ा है। सप्लाई बहाली का इंतजार कर रहे यात्रियों और ड्राइवरों को उम्मीद है कि मंगलवार को स्थिति सामान्य हो जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article