मुंबई से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-203 नागपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बचा। लैंडिंग के दौरान इसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना 14 अप्रैल को हुई जब फ्लाइट 6ई 203 मुंबई से नागपुर जा रही थी। एयरलाइंस ने कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इंडिगो की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि 14 अप्रैल 2023 को मुंबई से उड़ान संख्या 6E 203 नागपुर में लैंडिंग के दौरान विमान की टेल जमीन से टकरा गई थी। मरम्मत के लिए विमान को नागपुर हवाई अड्डे पर रखा गया है। घटना की विस्तार से जांच की जा रही है। एयरलाइंस ने कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
क्या है टेल स्ट्राइक?
टेल स्ट्राइक उस स्थिति को कहते हैं जब टेक-ऑफ या लैंडिंग के दौरान किसी विमान का टेल या एम्पेनज जमीन या किसी और चीज से टकराता है। ऐसी स्थिति में बड़ी दुर्घटना की संभावना रहती है।
इंडिगो के विमान के साथ यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 4 जनवरी, 2023 को कोलकाता में लैडिंग के दौरान इंडिगो फ्लाइट की टेल से कुछ टकरा गया था। इससे विमान के निचले हिस्से में खरोंचें आई थी। मरम्मत के लिए विमान को कोलकाता में ग्राउंडेड घोषित कर दिया गया था।
