IIT Bombay Suicide Case: बॉम्बे के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में एक छात्र की मौत मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच करेगी। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्र ने परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के बाद हॉस्टल के अपने कमरे में आत्महत्या कर ली।
पिता की शिकायत के बाद FIR दर्ज
छात्र की पहचान महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी साहिल रवींद्र वाकोडे के रूप में हुई। साहिल के पिता की शिकायत के आधार पर पवई पुलिस ने 19 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की। शिकायत में एक फैकल्टी मेंबर समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को अब आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, साहिल ने 2024-25 शैक्षणिक सत्र में आईआईटी बॉम्बे के एनर्जी साइंस विभाग में दाखिला लिया था और वह संस्थान के हॉस्टल में रह रहा था। परिवार का आरोप है कि कुछ समय से साहिल मानसिक दबाव और परेशानियों का सामना कर रहा था।
फैकल्टी पर जातीय भेदभाव का आरोप
साहिल के पिता ने अपनी शिकायत में फैकल्टी सूर्यनारायण डुल्ला पर जातिसूचक गालियां देने और उनके बेटे को कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर डुल्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा आईआईटी बॉम्बे के कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
किन धाराओं में दर्ज हुई FIR
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि वाकोडे के माता-पिता की शिकायत पर पवई थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में कुल तीन आरोपियों के नाम बताए गए हैं, जिनमें एक फैकल्टी सदस्य और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के बाद अब इसे मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: हाइड्रोजन ट्रेन को नहीं मिल रहे यात्री, महज 60 पैसेंजर ही करते हैं सफर; अब रेलवे दिल्ली तक चलाने की बना रहा योजना
पिता ने दावा किया कि साहिल ने फोन पर बातचीत के दौरान उन्हें एक फैकल्टी मेंबर द्वारा कथित तौर पर किए गए मानसिक उत्पीड़न और जाति-संबंधी टिप्पणियों के बारे में बताया था। उसने इन घटनाओं के बारे में बताया और स्थिति पर दुख जताया था। शिकायत के मुताबिक, घटना के बारे में पता चलने पर परिवार बाद में मुंबई आया। पिता ने आरोप लगाया है कि फैकल्टी मेंबर और दूसरे संबंधित अधिकारियों को ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
साहिल की मौत के बाद छात्रों का प्रदर्शन
साहिल वाकोड़े की मौत के बाद आईआईटी बॉम्बे परिसर में छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
