Bhopal: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण पहल की है। लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का त्वरित निस्तारण करते हुए विभाग ने महज दो दिनों के भीतर 600 अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जन-कल्याण और संवेदनशील प्रशासन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उनकी अपेक्षाओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप ही सालों से लंबित पड़े प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है।
859 लंबित प्रकरणों में से 600 का हुआ निस्तारण
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए लिखा कि संवेदनशीलता से समाधान, परिवारों को आर्थिक संबल। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। मंत्री ने बताया कि विभाग में कुल 859 लंबित प्रकरण दर्ज थे, जिनमें से 600 परिवारों को पिछले दो दिनों में नियुक्ति पत्र और आदेश जारी किए जा चुके हैं। आगामी दो दिनों में लगभग 30 और अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी कर दिए जाएंगे। बचे हुए अन्य प्रकरणों में भी पूरी संवेदनशीलता के साथ नियमों और आवश्यक विकल्पों के तहत विचार-विमर्श जारी है।
दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को मिलेगा आर्थिक संबल
सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों की मदद करना है, जिन्होंने अपने कमाऊ सदस्यों को खो दिया था। स्कूल शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का प्राथमिक प्रयास दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को समय पर आर्थिक सहायता, रोजगार और सम्मानजनक जीवन जीने का आधार प्रदान करना है। इस त्वरित फैसले से लंबे समय से कार्यालयों के चक्कर काट रहे सैंकड़ों परिवारों को राहत मिली है।
