Balaghat News: मध्य प्रदेश की बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालाघाट पुलिस ने 14 लाख के इनामी नक्सली चैतु उर्फ मड़काम हिड़मा को मुठभेड़ में मार गिराया है। वह मलाजखंड दलम का सक्रिय सदस्य था और कई नक्सली वारदात में शामिल था। मुठभेड़ मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे कान्हा नेशनल पार्क के सुपखार इलाके में हुई है। बालाघाट के थाना गढ़ी से सूपखर एरिया में मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूपखार के खमको दादर जंगल में 17 नक्सली इकट्ठा हुए हैं। वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
पुलिस ने कुछ हथियार भी किए जब्त
पुलिस ने बताया कि नक्सलियों से हुई झपड़ में कुछ नक्सली भागने में सफल रहे। मुठभेड़ वाली जगह से पुलिस ने कुछ हथियार भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने जंगलों में सर्च अभियान तेज कर दिया है। बालाघाट एसपी समीर सौरभ ने बताया कि बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जंगल में छुपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए नक्सली को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन दोनों तरफ की फायरिंग में चली गोलियों से चैतु की मौत हो गई। चैतु छत्तीसगढ़ के बीजापुर का रहने वाला था। पुलिस कई दिन से उसकी तलाश में थी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की इस कार्रवाई से नक्सली बैकफुट पर हैं।
