शहर

हिमाचल में बारिश का कहर, पंजाब में अब बरसेंगे बादल! IMD का बड़ा अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं पंजाब में भी अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।

Image

हिमाचल में बारिश का कहर, पंजाब में अब बरसेंगे बादल!

Monsoon Rain Alert: उत्तर भारत में मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। लेकिन पंजाब में मानसून की एंट्री के बावजूद अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई। हालांकि मौसम विभाग ने अब दोनों राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में 12 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं पंजाब में अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल में आज कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, सिरमौर, कुल्लू और शिमला समेत कई जिलों में तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। 12 जुलाई तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश होने के कारण जलभराव, भूस्खलन, कम दृश्यता और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं बढ़ने की आशंका हैं। जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को बेवजह यात्रा से बचने और जरूरी दिशा-निर्देश पालन करने को कहा गया है।

रामपुर में बाढ़ से टूटा अस्थायी पुल

हिमाचल में मानसूनी बारिश ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। शिमला में बारिश के कारण रामपुर उपमंडल में समेज खड्ड में अचानक बाढ़ आ गई। जिसके कारण गानवी खड्ड पर स्थित अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इससे क्याओ और कुट पंचायतों का सड़क का संपर्क टूट गया। कई जगह सड़कें भी जलमग्न हो गई, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

मंडी में भूस्खलन, बस पर गिरा पत्थर

मंडी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी किनारे न जाने की अपील की है। पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर मैगल के पास पहाड़ी से मलबा गिरने की वजह से पुराना हाईवे बाधित हो गया। इसी दौरान एचआरटीसी बस पर पत्थर गिरने से उसका शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और एक यात्री घायल हो गया।

पंजाब में अब बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

पंजाब में भी मानसून की रफ्तार अब बढ़ने लगी है। भलें ही यहां सात दिन पहले ही मानसून आ चुका है, लेकिन बारिश सामान्य काफी कम हुई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 9 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली है। आज 5 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है। पंजाब में अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में गिरावट, लेकिन उमस बरकरार

पंजाब में बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद कई इलाकों में अभी भी उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। हालांकि बारिश की गतिविधियां बढ़ने से उमस से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article