Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तापमान लगातार शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। गंगोत्री में तो तापमान माइनस 13 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि जम्मू-कश्मीर में भी कई जगह पारा जीरो से नीचे पहुंच गया है। मैदानी इलाकों में ठंड का प्रभाव अब बढ़ने लगा है। उत्तर भारत के राज्यों में कई जगह ठंड के साथ घने कोहरे की परेशानी बढ़ने के भी आसार हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 28 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। जबकि दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर अभी जारी है। पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु सहित कुछ राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26-27 नवंबर को केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। चलिए जानते हैं कल यानी शुक्रवार 27 नवंबर को मौसम का हाल कैसा रहेगा।
पूर्वी राजस्थान में 28 नवंबर तक कुछ स्थानों पर शीतलहर की संभावना है। ऐसे में सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर महसूस हो सकता है।
दिल्ली-UP सहित कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 28 नवंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है।
यही नहीं, हिमाचल प्रदेश में 30 नवंबर तक घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय में कल यानी शुक्रवार 27 नवंबर को घना कोहरा छाने की आशंका है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 26 से 28 नवंबर तक कोहरे का असर दिख सकता है। ओडिशा में 26 नवंबर को कुछ जगहों पर घना कोहरा रहने की संभावना है।
केरल-तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना
दक्षिण भारत में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। कल केरल और माहे के साथ तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में भी आज भारी बारिश का अनुमान जताया गया।
केरल, माहे और लक्षद्वीप में 28 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
28 नवंबर तक केरल, लक्षद्वीप, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। झौंकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
अंडमान-निकोबार में आंधी-बारिश
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 28 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके बाद 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान भी है।
इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। झौंकों में इनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक हफ्ते के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है।
