PDA Manifesto: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र (Manifesto) जारी किया। सपा ने इसे पीडीए का प्रणपत्र नाम दिया और जन-मन का मैनिफेस्टो करार दिया। इसमें रोजगार गारंटी, जातिगत जनगणना, जघन्य अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, पांच रुपये में खाना, पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, पेपर लीक के खिलाफ सख्त व्यवस्था सहित कई वर्गों के लिए बड़े वादे किए।
सामाजिक न्याय
- 2028 तक जाति जनगणना कराएंगे। इसके आधार पर 2029 तक सबको न्याय एवं हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का वादा।
- 2028 तक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के सभी सरकारी रिक्त पदों को भरने का आश्वासन दिया।
- निजी क्षेत्र में समाज के सभी वर्गों की भारीदारी सुनिश्चित करने का वादा।
नौकरियों का वादा
अखिलेश यादव ने सपा की सरकार बनने पर ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरियां देने का वादा किया। पीडीए के प्रणपत्र में वादा किया गया कि पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरा जाएगा, जबकि पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया।
उन्होंने सभी परीक्षाओं को समय पर आयोजित कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जिन रिक्तियों के लिए एक परीक्षा होंगी, उन परीक्षाओं को तीन महीने में पूरा किया जाएगा। जिसमें एक से ज्यादा परीक्षा होंगे, उन्हें छह महीने में पूरा किया जाएगा और रिजल्ट भी पूरी पारदर्शिता के साथ जारी किया जाएगा।
रोजगार गारंटी अधिनियम का वादा
युवा, पुरुषों और महिलाओं के लिए तब तक न्यूनतम आयु सुनिश्चित की जाएगी जब तक उन्हें कोई सुरक्षित काम या रोजगार नहीं मिल जाता। इसके अलावा, सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार पैदा करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करने हेतु नीति बनाने का वादा किया गया। अखिलेश ने वादा किया कि जब तक ग्रेजुएट हो चुके युवाओं को नौकरी नहीं दिला पाएंगे तब तक हर महीने पांच हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा।
