शहर

मिर्जापुर धर्मांतरण रैकेट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, दुबई भागने की फिराक में IGI एयरपोर्ट से दबोचा गया

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में धर्मांतरण और यौन शोषण से जुड़े बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मास्टरमाइंड इमरान को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी जिम की आड़ में महिलाओं को फंसाने, शोषण और ब्लैकमेलिंग का नेटवर्क चला रहा था। अब तक कुल 6 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, गाड़ियां और अहम सबूत जब्त किए गए हैं, जबकि पूरे जिम नेटवर्क और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच जारी है।

Image

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते मिर्जापुर DIG सोमेन बर्मा

Photo : Times Now Digital

Mirzapur Conversion Racket: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सामने आए धर्मांतरण और यौन शोषण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस पूरे रैकेट के कथित मास्टरमाइंड इमरान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपने परिवार के साथ दुबई भागने की कोशिश में था, तभी इमिग्रेशन विभाग ने उसे पकड़ लिया और दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।

KGN जिम नेटवर्क से फैलाया गया जाल

पुलिस के मुताबिक इमरान मिर्जापुर में KGN (Khwaja Garib Nawaz) नाम से जिमों की एक चेन चलाता था। इन्हीं जिमों के जरिए वह महिलाओं को अपने जाल में फंसाता, उनका शोषण करता और फिर धर्मांतरण व ब्लैकमेलिंग का दबाव बनाता था। ये जिम उसके रिश्तेदारों और करीबी लोगों द्वारा संचालित किए जा रहे थे। DIG सुमन वर्मा ने बताया कि इस मामले में KGN और ‘आयरन फायर’ नामक दो मुख्य नेटवर्क सामने आए हैं, जिनसे जुड़े मालिक और ट्रेनर गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

एनकाउंटर, गिरफ्तारियां और जब्त गाड़ियां

अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से कुछ को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। इमरान इस केस में सातवां आरोपी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन कारें और चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल लड़कियों को फुसलाने और इधर-उधर ले जाने में किया जाता था। DIG ने बताया कि इन वाहनों के साथ-साथ डिजिटल सबूत और जिमों से जुड़े बैंक खातों की भी गहन जांच की जा रही है।

65 मुकदमे और पुलिस की सख्त कार्रवाई

पुलिस के अनुसार इमरान पर कुल 65 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें ज्यादातर धोखाधड़ी से जुड़े हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। मामले की जांच तब शुरू हुई जब 20 जनवरी को दो महिलाओं ने कोतवाली देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आने के बाद चार विशेष टीमों का गठन किया गया। फिलहाल चार जिम सील किए जा चुके हैं और जिले में चल रहे सभी 47 जिमों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इमरान को जल्द ही पुलिस रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच की जाएगी, ताकि इस गिरोह से जुड़े हर व्यक्ति को कानून के कटघरे में लाया जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें