Rajkot Road Accident Violence: गुजरात के राजकोट में सोमवार तड़के एक छोटे से सड़क हादसे के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। मामूली टक्कर के बाद दो समूहों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि झड़प में चाकू और धारदार हथियार तक चल गए। इस हिंसा में दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सहायक पुलिस आयुक्त बी.जे. चौधरी के अनुसार, यह घटना मालवीयनगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर इलाके में रात करीब साढ़े 12 बजे हुई।
बताया गया कि एक मोटरसाइकिल की दूसरे वाहन से टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही खूनी संघर्ष में बदल गया। अधिकारी के अनुसार, झड़प में दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान अरुण बरोट, सुरेश परमार और विजय परमार के रूप में हुई है, जो आपस में प्रतिद्वंद्वी गुटों से जुड़े थे। पुलिस ने झगड़े में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी है और स्थानीय निवासियों से पूछताछ जारी है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इसी बीच, एक अलग घटना में गुजरात पुलिस ने बर्खास्त उपनिरीक्षक रंजीत कासले को महाराष्ट्र के लातूर से गिरफ्तार किया है। उन्हें सूरत में दर्ज एक डकैती के मामले में हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार ने कुछ महीने पहले कासले को सेवा से बर्खास्त किया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल बीड सरपंच हत्याकांड के मुख्य आरोपी वाल्मीक कराड को मारने की सुपारी ली थी। सूरत के पाल पुलिस थाने में उनके खिलाफ डकैती का मामला दर्ज है।
(इनपुट - भाषा)
