Thane News: महाराष्ट्र ठाणे जिले के कल्याण रेलवे स्टेशन पर मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने हुई। जानकारी के अनुसार यहां एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता खोपोली की रहने वाली है और वह अपने मामा के घर जाने के लिए निकली थी और इसी दौरान उसके साथ दरिंदगी हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे क्राइम ब्रांच और कल्याण जीआरपी (GRP) पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस घिनौने काम के मुख्य आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
आरोपी ने दिया पीड़िता को झांसा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय पीड़िता शनिवार को अहिल्यानगर (अहमदनगर) से अपने मामा से मिलने के लिए निकली थी। खोपोली जाने के लिए वह कल्याण रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन पर उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। बिना किसी जान-पहचान के आरोपी ने अचानक नाबालिग लड़की का मोबाइल फोन जबरन छीन लिया। इस हरकत से लड़की बुरी तरह डर गई। जब उसने हिम्मत जुटाकर अपना फोन वापस मांगा, तो आरोपी ने उसे झांसा दिया। उसने लड़की को गुमराह करते हुए कहा कि अगर वह अपना मोबाइल वापस चाहती है, तो उसे उसके साथ पुलिस स्टेशन चलना होगा।
महिला यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हुए
मासूम को पुलिस स्टेशन ले जाने का झांसा देकर आरोपी उसे कल्याण रेलवे यार्ड के एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने नाबालिग की बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस खौफनाक चंगुल से किसी तरह खुद को छुड़ाकर पीड़िता सीधे कल्याण रेलवे पुलिस स्टेशन पहुंची और आपबीती सुनाई। शिकायत मिलते ही कल्याण जीआरपी (GRP) पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालकर आरोपी को धर दबोचा। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर रेलवे परिसरों में महिला यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
