शहर

2 लाख की बिरयानी! मेरठ के रेस्टोरेंट में छूटा नकदी से भरा बैग, चंद मिनटों में हुआ गायब

मेरठ के एक रेस्टोरेंट में बिरयानी खाने पहुंचे दंपति का दो लाख रुपये और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग वहीं छूट गया। कुछ ही मिनटों में वह बैग गायब हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

Image

Meerut crime

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दंपति की छोटी सी लापरवाही से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हो गया। हापुड़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में बिरयानी खाने पहुंचे दंपति का दो लाख रुपये से भरा बैग गायब हो गया। दरअसल वे लोग पैसों से भरा अपना बैग रेस्टोरेंट में ही भूल गए। जब कुछ मिनटों बाद वे लोग वापस आए तो बैग गायब हो चुका था। यह पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

बैंक से निकाले थे 2 लाख

जानकारी के मुताबिक, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी दानिश अख्तर अपनी पत्नी के साथ हापुड़ रोड स्थित इरशाद बिरयानी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। दानिश ने बताया कि वह बैंक से दो लाख रुपये निकालकर लौट रहे थे, जो उनकी पत्नी के हैंडबैग में रखे हुए थे। नकदी के साथ बैग में आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे।

दंपति रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर बैठकर खाना खा रहे थे। इस दौरान उन्होंने पास की एक कुर्सी पर अपना बैग रख दिया। खाना खाने के बाद दोनों घर के लिए निकल गए, लेकिन जल्दी में अपना बैग वहीं भूल गए। कुछ दूरी तय करने के बाद उन्हें बैग के बारे में याद आया तो वे तुरंत रेस्टोरेंट लौटे, लेकिन तब तक बैग गायब हो चुका था।

महिला-युवक लेकर हुए फरार

बैग की तलाश के दौरान रेस्टोरेंट प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में एक महिला और उसके साथ मौजूद युवक बैग को देखते हुए नजर आए। दोनों ने कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद बैग उठा लिया और रेस्टोरेंट से बाहर निकल गए। बाद में दोनों बाइक पर सवार होकर रेस्टोरेंट से से जाते हुए भी कैमरे में कैद हुए।

पीड़ित की सूचना दी पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में नजर आ रही महिला और युवक की पहचान करने का प्रयास जारी है। इसके लिए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article