Delhi News: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के एक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। 11 छात्रों ने आरोप लगाया है कि वाइवा (मौखिक परीक्षा) के दौरान प्रोफेसर ने यौन संकेत वाले आपत्तिजनक कमेंट किए। छात्रों की इस शिकायत के बाद विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी (ICC) ने मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है और शिकायतकर्ता छात्रों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
वाइवा में नंबरों का लालच देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम मई के पहले सप्ताह में आयोजित मौखिक परीक्षा के दौरान का है। एक शिकायतकर्ता के मुताबिक, प्रोफेसर ने कथित तौर पर छात्रों से यौन संबंधी प्रस्ताव स्वीकार करने के बदले अतिरिक्त अंक देने की बात कही थी। घटना के बाद मई के दूसरे सप्ताह में एक छात्रा ने एक व्हाट्सएप ग्रुप में अपने साथ हुई घटना साझा की। इसके बाद अन्य छात्र-छात्राएं भी आगे आए और उन्होंने अपने साथ हुए ऐसे ही अनुभवों का खुलासा किया।
प्रोफेसर की अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं
करीब 45 दिनों के सेमेस्टर ब्रेक के बाद जुलाई के मध्य में कक्षाएं दोबारा शुरू होने के बाद यह मुद्दा फिर गरमा गया। छात्रों ने एकजुट होकर विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) में प्रोफेसर के खिलाफ लिखित व औपचारिक शिकायत दी। आईसीसी शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज कर मामले के तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में आरोपी प्रोफेसर से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। यह मामला JNU में पहले सामने आ चुके एक वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न के मामले की पृष्ठभूमि में सामने आया है।
