Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला पर नाबालिग लड़के के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए 16 वर्षीय नाबालिग लड़के से संपर्क किया था। ऑनलाइन बातचीत के बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।
भावनात्मक दबाव बनाकर दिया घटना को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को महिला ने लड़के को भोरमदेव रोड स्थित एक होटल में बुलाया। वहां उसने भावनात्मक दबाव बनाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद महिला ने नाबालिग को डराने-धमकाने की कोशिश की, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। इस कारण वह तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सका।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
दो दिन बाद जब नाबालिग को इस घटना की गंभीरता का एहसास हुआ, तो उसने सिटी कोतवाली थाने में जाकर मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
पाकिस्तानी व्यक्ति को जिंदा दफनाने के मामले में पांच गिरफ्तार
वहीं, इससे पहले पुलिस ने अभनपुर के पास खदान क्षेत्र में कुछ दिन पहले 29 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवक को बुरी तरह पीटने के बाद जिंदा ही खदान में दफना दिया था। पीड़ित पाकिस्तान का नागरिक था और नागरिकता की उम्मीद में रायपुर में रह रहा था। पांच दिन बाद उसने अपनी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। बताया गया कि उसके मुंह और श्वासनली (सांस की नली) में मिट्टी भर जाने से उसकी हालत बिगड़ गई थी। एक जांच अधिकारी ने बताया, 'एक आरोपी अभी भी फरार है।'
